Substandard road: नोएडा सेक्टर 71-76 सड़क निर्माण में लापरवाही, ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट का नोटिस, अधिकारियों से जवाब तलब

Substandard road: नोएडा। सेक्टर-71 अंडरपास से सेक्टर-76 तक बनी सड़क के बार-बार उखड़ने और गड्ढों में तब्दील होने के मामले में नोएडा प्राधिकरण ने आखिरकार सख्त रुख अपना लिया है। प्राधिकरण ने न सिर्फ सड़क बनाने वाले ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस थमाया है, बल्कि निर्माण के दौरान निगरानी की जिम्मेदारी संभालने वाले अपने ही अफसरों को भी कठघरे में खड़ा कर दिया है।

सीईओ के निर्देश पर कार्रवाई शुरू

प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश के निर्देश पर यह कार्रवाई शुरू हुई है। सड़क की गुणवत्ता खराब मिलने और निर्माण के दौरान बरती गई लापरवाही को आधार बनाते हुए संबंधित ठेकेदार फर्म को ब्लैकलिस्ट करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ ही निर्माण कार्य के समय तैनात रहे प्राधिकरण के सर्किल अधिकारी, प्रबंधक और जूनियर इंजीनियर को भी शुक्रवार को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है। साफ है कि प्राधिकरण अब सिर्फ ठेकेदार पर ही नहीं, बल्कि निगरानी में चूक बरतने वाले अपने कर्मचारियों की जवाबदेही भी तय करने के मूड में है।

दो साल पहले हुई थी मरम्मत, कुछ महीनों में ही उखड़ गई सड़क

करीब दो साल पहले मैसर्स जीत कंस्ट्रक्शन को इस सड़क की मरम्मत का ठेका दिया गया था। लेकिन काम पूरा होने के कुछ ही समय बाद सड़क जगह-जगह से टूटने लगी। शुरुआत से ही सड़क पर गड्ढे नजर आने लगे थे और कई हिस्सों में तारकोल जमकर उखड़ गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही थी। सड़क की बिगड़ती हालत को देखते हुए प्राधिकरण ने निर्माण की गुणवत्ता और उस दौरान हुई निगरानी की विस्तृत जांच शुरू की, जिसमें कई खामियां सामने आईं।

जांच में सामने आई लापरवाही, अब मांगा जवाब

प्राधिकरण की शुरुआती जांच में निर्माण की गुणवत्ता और निगरानी, दोनों स्तर पर लापरवाही की पुष्टि हुई है। इसी के आधार पर ठेकेदार से पूछा गया है कि आखिर सड़क इतनी जल्दी क्यों खराब हो गई और उसे ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई क्यों न की जाए। वहीं संबंधित इंजीनियरों और अधिकारियों से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है कि निर्माण के दौरान गुणवत्ता की निगरानी में आखिर किस स्तर पर चूक हुई।

सीईओ की दो टूक: नियमानुसार होगी सख्त कार्रवाई

सीईओ कृष्णा करुणेश ने साफ कर दिया है कि जांच में सड़क की गुणवत्ता खराब पाए जाने पर ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इसमें शामिल विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। हाल के दिनों में बारिश के कारण सड़क के टूटने और जलभराव की समस्या और गंभीर हो गई थी, जिसे देखते हुए सीईओ ने मौके का निरीक्षण कर तुरंत जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

अफसरों पर भी गिर चुकी है गाज

गौरतलब है कि सीईओ कृष्णा करुणेश शहर में सड़क सुरक्षा और लापरवाही के मामलों में पहले भी सख्त कदम उठा चुके हैं। हाल में भारी बारिश के दौरान बरोला गांव में लापरवाही के आरोप में एक जूनियर इंजीनियर और एक सुपरवाइजर को बर्खास्त किया जा चुका है, वहीं सेक्टर-73 में बेसमेंट निर्माण के दौरान सड़क व नाला धंसने के मामले में भी बिल्डर को नोटिस देकर अपने खर्च पर मरम्मत कराई गई थी। ऐसे में सेक्टर-71-76 सड़क मामले में भी प्राधिकरण की कार्रवाई इस बात का संकेत मानी जा रही है कि अब गुणवत्ताविहीन निर्माण कार्यों पर किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल सभी संबंधित पक्षों से नोटिस का जवाब मांगा गया है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

यह भी पढ़ें: Police Hockey Tournament: गौतमबुद्धनगर बनाम मुजफ्फरनगर, कल खेला जाएगा फाइनल

यहां से शेयर करें