नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसीपी) विवेक भगत को निशाना बनाकर फर्जी और आपत्तिजनक एआई-जनरेटेड पोस्टर बनाने तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में एक 24 वर्षीय युवक को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी नदीम अहमद हरियाणा का रहने वाला है। वह ‘News Aiyna’ नाम का यूट्यूब चैनल चलाता था, जिसके करीब 24 हजार फॉलोअर्स हैं। जांच में पाया गया कि उसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल्स का इस्तेमाल कर ऐसा पोस्टर/विजुअल तैयार किया जिसमें एडीसीपी विवेक भगत को एक महिला पत्रकार के साथ बदसलूकी और छेड़छाड़ करते हुए दिखाया गया था। यह सामग्री 3 अक्टूबर को बनाई गई और 4 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर प्रसारित की गई।
पुलिस का आरोप है कि आरोपी का मकसद दिल्ली पुलिस को बदनाम करना और अराजकता फैलाना था। उसके पास से एआई से जुड़े कई टूल्स बरामद हुए हैं और उसने पूछताछ में सामग्री बनाने की बात स्वीकार की है। पुलिस को शक है कि इस साजिश में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर हिरासत में लिया गया है और अदालत से पुलिस कस्टडी भी मिली है। एफआईआर में दंगा समेत संबंधित धाराएं जोड़ी गई हैं। यह मामला उस विवाद के बीच सामने आया है जिसमें 3 अक्टूबर को जंतर मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान एडीसीपी विवेक भगत समेत कुछ पुलिस अधिकारियों पर महिला पत्रकारों द्वारा यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं। तीन महिला पत्रकारों की शिकायतों पर क्राइम ब्रांच जांच कर रही है।
विवेक भगत 2018 बैच के डीएएनआईपीएस अधिकारी हैं। उन्हें सोमवार को एसीपी से प्रमोट कर एडीसीपी बनाया गया था। पुलिस ने कहा कि पदोन्नति नियमित प्रक्रिया का हिस्सा थी और आरोपों से पहले ही प्रस्तावित हो चुकी थी। कुछ रिपोर्ट्स में दिल्ली सरकार द्वारा पदोन्नति रोकने का भी जिक्र है। दोनों मामलों की जांच जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे फर्जी कंटेंट को आगे शेयर न करें, वरना कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
यह भी पढ़ें: चुनाव आयोग के बाहर हंगामा, राहुल गांधी बैरिकेड पर चढ़े, आकाशवाणी भवन में घुसने की कोशिश

