बेंगलुरु कॉनराड होटल पूल में करंट, 2 विदेशी नागरिकों की मौत

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के हलसूरु इलाके में स्थित 5-स्टार होटल कॉनराड बेंगलुरु के स्विमिंग पूल में शुक्रवार शाम करंट लगने की आशंका से दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग घायल हुए हैं, जो दोनों को बचाने की कोशिश के दौरान चपेट में आए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कौन थे मृतक

पुलिस के मुताबिक, हादसा होटल की तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में हुआ। मृतकों की पहचान 57 वर्षीय अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थीस और 45 वर्षीय युराज होर्वाट के रूप में हुई है। थीस जर्मनी के नागरिक और जर्मन एयरलाइन लुफ्थांसा के क्रू मेंबर थे, जबकि होर्वाट स्लोवाकिया के निवासी थे और आईबीएम में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। लुफ्थांसा ने बेंगलुरु में लेओवर के दौरान अपने एक क्रू मेंबर की मौत की पुष्टि की है।

बचाने उतरे दो लोग घायल

दोनों को बचाने की कोशिश में 41 वर्षीय मैथ्यू डेसेंटिस और 28 वर्षीय राहुल तिवारी घायल हो गए। डेसेंटिस अमेरिकी नागरिक हैं और होटल में ठहरे हुए थे, जबकि तिवारी होटल में पूल अटेंडेंट और लाइफगार्ड के रूप में तैनात हैं। दोनों को मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, दोनों की हालत खतरे से बाहर है।

जांच जारी, कारण अभी स्पष्ट नहीं

पुलिस ने बताया कि हादसे के सही कारण का अभी पता नहीं चल सका है। करंट कैसे फैला, इसकी जांच की जा रही है। पूल की इलेक्ट्रिकल वायरिंग, उपकरणों और सुरक्षा इंतजामों की पड़ताल के लिए तकनीकी विशेषज्ञों की मदद लिए जाने की संभावना है। हादसे के बाद लग्जरी होटलों में स्विमिंग पूल की इलेक्ट्रिकल सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कॉनराड ब्रांड हिल्टन वर्ल्डवाइड के लग्जरी पोर्टफोलियो का हिस्सा है और 5-स्टार श्रेणी में आता है। मामले में आगे की जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।

यह भी पढ़ें: नोएडा साइबर ठगी: पांच लोगों से 1.15 करोड़ रुपये ठगे, क्रिप्टो-निवेश-बैंक अधिकारी का झांसा

यहां से शेयर करें