नोएडा। साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीकों से पांच लोगों से 1.15 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी कर ली है। किसी को क्रिप्टो करेंसी और शेयर बाजार में मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया तो किसी को बैंक अधिकारी बनकर फोन कर ठगा गया। एक मामले में बीमा पॉलिसी का लाभ दिलाने के नाम पर भी ठगी हुई। पांचों पीड़ितों ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आधार पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मामलों का ब्योरा:
योगेश गुप्ता से टेलीग्राम के जरिए क्रिप्टो निवेश का झांसा देकर 14.33 लाख रुपये ठगे गए। रकम निकालने पर फीस-टैक्स-सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर और पैसे मांगे गए। प्रकाश चंद मिश्रा को बैंक अधिकारी बनकर फोन किया गया। 27 नवंबर से 27 दिसंबर 2025 के बीच गोपनीय जानकारी लेकर खाते से 36.34 लाख रुपये निकाले गए। विजय वर्मा को विदेशी शेयर बाजार में निवेश का लालच देकर 46.41 लाख रुपये जमा कराए गए। शुभम खंडेलवाल को वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए निवेश का झांसा देकर 13 लाख रुपये ठगे गए। मुनेश शर्मा को बीमा पॉलिसी का लाभ दिलाने के नाम पर 5.25 लाख रुपये जमा कराए गए, जिसके बाद संपर्क बंद कर दिया गया। पुलिस ने सभी मामलों में जांच तेज कर दी है।
नोएडा स्कूल में कक्षा-2 के बच्चे को पीटा: पिता की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज: नोएडा। सेक्टर-71 स्थित ग्लोबल इंडियन इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा-2 के एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। छात्र के पिता ने आरोप लगाया है कि कक्षा के बच्चों ने उनके बेटे को फर्श पर गिराकर बेरहमी से पीटा, जिससे बच्चे को चोटें आईं।
सेक्टर-61 रॉयल गार्डन एस्टेट निवासी चिराग ढिंगरा का बेटा निष्कर्ष ढिंगरा कक्षा 2-ई में पढ़ता है। 27 अक्टूबर सुबह करीब 7:40 बजे पिता बच्चे को स्कूल छोड़कर आए। स्कूल का समय 7:45 बजे से है। कुछ देर बाद बच्चा घर लौट आया और बताया कि सहपाठियों ने उसे पीटा।पिता ने स्कूल प्रबंधन से सीसीटीवी फुटेज मांगी। आरोप है कि प्रबंधन ने सुबह से शाम तक आनाकानी की। बाद में 20-30 मिनट की फुटेज दिखाई गई, जिसमें मारपीट के दृश्य होने का दावा किया गया। शिक्षिका 8:05 बजे आती हैं, जबकि बच्चा 7:40 बजे छोड़ा गया था। पिता ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। फेज-3 थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2) और 125(ए) के तहत स्कूल के अज्ञात बच्चों और प्रबंधन के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नोएडा एक्सप्रेसवे पर कार हादसा: चालक हेमंत शर्मा की मौत: शुक्रवार को नोएडा एक्सप्रेसवे पर 132 कट के पास एक कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने PRV की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान गाजियाबाद के स्वर्ण नगर निवासी हेमंत शर्मा के रूप में हुई है। वे अपनी वैगनआर कार से निजी अस्पताल जा रहे थे। थाना सेक्टर-126 क्षेत्र में उनकी कार अनियंत्रित हो गई और टक्कर हो गई। कार क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और PRV से अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पंचायतनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों ने अभी तक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

