एएटीएस के हत्थे चढ़े दो हथियारबंद बदमाश

New Delhi news  उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस की एंटी आॅटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो हथियारबंद बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक देसी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक चोरी का मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस अब अवैध हथियार की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार 17 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर सुभाष मोहल्ला, भजनपुरा क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना के आधार पर एएटीएस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को रोक लिया। पूछताछ में उनकी पहचान फुरकान (35) निवासी न्यू मुस्तफाबाद और इंतजार उर्फ सलमान उर्फ सल्लू (32) निवासी न्यू मुस्तफाबाद के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक देसी तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक मोटोरोला मोबाइल फोन बरामद किया। सत्यापन में पता चला कि मोबाइल सीमापुरी थाना क्षेत्र से चोरी किया गया था। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। फुरकान के खिलाफ जुआ अधिनियम का एक मामला दर्ज है, जबकि इंतजार उर्फ सलमान उर्फ सल्लू के खिलाफ हत्या के प्रयास और मादक पदार्थ अधिनियम से जुड़े दो मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही बरामद अवैध हथियार के स्रोत और उससे जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

New Delhi news

यहां से शेयर करें