14 घंटे में चार आरोपी गिरफ्तार

New Delhi news  उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस के वेलकम थाना ने हत्या के प्रयास के मामले का महज 14 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों, जिनमें एक विधि-विरुद्ध बालक भी शामिल है, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल खंजर भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 16 जुलाई की दोपहर कबीर नगर के सी-ब्लॉक में एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि घायल मोहम्मद साजिद (24) को अस्पताल ले जाया जा चुका है। घायल ने बयान में बताया कि चार युवकों ने उस पर धारदार हथियार से हमला किया। इसके आधार पर वेलकम थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान निरीक्षक रूपेश कुमार खत्री के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी एवं स्थानीय सूचना के आधार पर पहले एक आरोपी को दबोचा। उसकी निशानदेही पर तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूरी कार्रवाई मात्र 14 घंटे में पूरी कर ली गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुछ दिन पहले घायल युवक से उनका विवाद हुआ था और उसने उनमें से एक को थप्पड़ मार दिया था। इसी रंजिश में उन्होंने हमला करने की साजिश रची।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल उर्फ चवन्नी (18), नाजिम (21), कादिर उर्फ काले बाबू (19) तथा एक 14 वर्षीय विधि-विरुद्ध बालक के रूप में हुई है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें