आठ साल से फरार दहेज हत्या के दो भगोड़े आरोपी गिरफ्तार

New Delhi news  दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने वर्ष 2018 के चर्चित दहेज हत्या और हत्या के मामले में आठ वर्षों से फरार चल रहे दो घोषित अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों में मृतका की सास कंचन और देवर जतिन उर्फ जितिन शामिल हैं। दोनों आरोपियों को अदालत ने पहले ही घोषित अपराधी (प्रोक्लेम्ड आॅफेंडर) घोषित कर रखा था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए सास ने अपनी मौत की झूठी खबर तक फैला दी थी, ताकि जांच एजेंसी गुमराह हो जाए।

क्राइम ब्रांच के अनुसार वर्ष 2018 में स्वरूप नगर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पहले दहेज उत्पीड़न और दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। बाद में मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि उसकी फांसी लगाकर आत्महत्या नहीं हुई, बल्कि गला घोंटकर हत्या की गई है। जांच के दौरान पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन सास और देवर अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद फरार हो गए थे और लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचते रहे।
क्राइम ब्रांच की डब्ल्यूआर-दो टीम को हाल ही में दोनों आरोपियों के ठिकानों की सूचना मिली। तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर दो राज्यों में एक साथ कार्रवाई की गई। पुलिस ने कंचन को हरियाणा के यमुनानगर से तथा जतिन उर्फ जितिन को दिल्ली के ओखला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वे लगातार अपने ठिकाने बदलते रहे और अपने पैतृक घर भी नहीं गए। पुलिस के अनुसार कंचन ने जांच को भटकाने के लिए अपनी मौत की झूठी सूचना भी फैला दी थी।
क्राइम ब्रांच का कहना है कि इस कार्रवाई से आठ वर्ष पुराने संवेदनशील मामले में न्यायिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें