New Delhi news दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस की एंटी बर्गलरी सेल ने चोरी और सेंधमारी की वारदातों का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों और चोरी का सामान खरीदने वाले एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पानी की मोटर, पानी का मीटर, एसी का कंप्रेसर, बिजली के तार, सीलिंग फैन, एग्जॉस्ट फैन सहित अन्य चोरी का सामान तथा वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है। आरोपियों की गिरफ्तारी से पांच चोरी और सेंधमारी के मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार 6 जुलाई को सफदरजंग एन्क्लेव थाना क्षेत्र में बंद मकान से पानी की मोटर, पानी का मीटर और एसी कंप्रेसर चोरी होने का मामला दर्ज किया गया था। जांच के लिए निरीक्षक राम कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटना स्थल और आसपास लगे करीब 450 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने अमित राघव और सुमित राघव नामक दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद हुई।
पूछताछ में दोनों ने अपने साथी सनी शेख के साथ मिलकर बंद मकानों के ताले तोड़कर चोरी करने की बात स्वीकार की। उन्होंने यह भी बताया कि चोरी का सामान प्रेम चंद गुप्ता नामक कबाड़ी को बेच दिया जाता था। इसके बाद पुलिस ने सनी शेख और कबाड़ी प्रेम चंद गुप्ता को भी गिरफ्तार कर लिया तथा उसके कब्जे से चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया।
जांच में सामने आया कि अमित और सुमित दिन में कबाड़ का काम और फेरी लगाते थे। इसी दौरान वे पॉश कॉलोनियों में बंद मकानों की रेकी करते थे। रात के समय सनी शेख के साथ मिलकर मकानों के ताले तोड़ते, बिजली के उपकरण और अन्य सामान चुराकर स्कूटी से फरार हो जाते थे। बाद में चोरी का सामान पहले से तय कबाड़ी को बेचकर जल्दी पैसा कमा लेते थे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की गिरफ्तारी से सफदरजंग एन्क्लेव, आर.के. पुरम, पालम विलेज और सागरपुर थाना क्षेत्रों में दर्ज पांच सेंधमारी और चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।
New Delhi news

