New Delhi news पहाड़गंज क्षेत्र में शराब की दुकान पर फायरिंग और लूट के प्रयास के मामले में दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के साहिबाबाद तक पीछा कर देर रात बाइक चेज के दौरान दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
घटना 24 मई रात करीब 10:15 बजे की है, जब बदमाशों ने शराब की दुकान में लूट के इरादे से प्रवेश किया। विरोध करने पर एक सेल्समैन को गोली मार दी गई, जबकि दूसरे पर चाकू से हमला किया गया। मौके पर गश्त कर रहे बीट कांस्टेबल शुभम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जिससे उनकी जान बच सकी।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोंटी और हर्ष गोला निवासी पहाड़गंज, दोनों उम्र 24 वर्ष, के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पिस्टल, चाकू और बाइक भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दुकान से नकदी और दस्तावेजों से भरा एक बटुआ भी लूटा था, लेकिन कर्मचारियों के विरोध के कारण वे दुकान की रकम लूटने में असफल रहे। दोनों घायल फिलहाल अस्पताल में उपचाराधीन हैं और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
New Delhi news

