शादी से इनकार पड़ा जानलेवा; गन प्वाइंट पर अपहरण, फिर कर दी हत्या मोगा निवासी युवक पर शक, पुलिस की तलाश जारी
पंजाबी सिंगर की हत्या: पंजाब से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पंजाबी लोक गायिका इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर (29) की हत्या कर उनका शव नहर में फेंक दिया गया। सोमवार सुबह करीब 11 बजे उनका शव नीलो नहर से बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि उन्हें करीब छह दिन पहले गन प्वाइंट पर अगवा किया गया था, जिसके बाद से परिवार लगातार उनकी तलाश कर रहा था।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती, बनी मौत का कारण
सूत्रों के अनुसार, आरोपी युवक की इंदर कौर से पहचान सोशल मीडिया, विशेषकर इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। धीरे-धीरे यह दोस्ती आगे बढ़ी, लेकिन जब आरोपी ने शादी का दबाव बनाना शुरू किया और गायिका ने इसे ठुकरा दिया, तो उसने अपहरण और हत्या की साजिश रच डाली। मृतका के परिवार ने आरोप लगाया है कि मोगा निवासी एक युवक इंदर कौर पर जबरन शादी का दबाव बना रहा था। जब उन्होंने शादी से इनकार किया, तो आरोपी ने कथित तौर पर अपहरण और हत्या की साजिश रच दी।
शव मिला, पुलिस हरकत में आई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। इसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए समराला सिविल अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों और हत्या की समयसीमा का खुलासा हो सकेगा। फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है।
कोरिया में है परिवार, लुधियाना में रहता था एक भाई
इंदर कौर के माता-पिता और दो भाई कोरिया में रहते हैं, जबकि उनका एक भाई लुधियाना के जमालपुर इलाके में रहता है। घटना की खबर से पूरे परिवार में मातम का माहौल है और परिजन सदमे में हैं। विदेश में बैठे परिवार के लिए यह खबर किसी वज्रपात से कम नहीं रही। सूत्रों के अनुसार, परिजन स्वदेश लौटने की कोशिश में लगे हैं।
सोशल मीडिया पर पहचान, संगीत था जुनून
इंदर कौर पंजाबी लोक संगीत की उभरती हुई आवाज़ थीं। सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी-खासी पहचान बन रही थी और उनके गाने लोगों के बीच लोकप्रिय हो रहे थे। 29 वर्ष की आयु में उनका इस तरह जीवन समाप्त होना पंजाबी संगीत जगत और उनके चाहने वालों के लिए गहरा आघात है।
पंजाब में महिला कलाकारों की सुरक्षा पर उठे सवाल
यह घटना पंजाब में महिला कलाकारों और सोशल मीडिया से जुड़ी महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करती है। इससे पहले भी लुधियाना की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ ‘कमल कौर भाभी’ की हत्या ने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया था। उस मामले में भी आरोपी ने महिला के सोशल मीडिया से जुड़े होने पर आपत्ति जताई थी।
पुलिस जांच जारी, आरोपी फरार
लुधियाना और मोगा पुलिस की संयुक्त टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही गिरफ्तारी होगी। मामले की जांच सीआईए (क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी) को भी सौंपे जाने की संभावना है।

