शपथ लेते ही जनता को दिए बड़े तोहफे, 200 यूनिट मुफ्त बिजली और महिला सुरक्षा बल की घोषणा
Tamil Nadu CM Vijay News: चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में रविवार को एक नए अध्याय की शुरुआत हो गई। अभिनेता से नेता बने ‘तमिलगा वेत्री कड़गम’ (TVK) के संस्थापक विजय ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। विजय के साथ नौ अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
तमिलनाडु के राजनीतिक इतिहास में यह पहली बार है, जब किसी गैर-द्रविड़ दल ने सत्ता हासिल की है। नई सरकार के गठन के साथ ही डीएमके और एआईएडीएमके का दशकों पुराना राजनीतिक वर्चस्व टूट गया।
Tamil Nadu CM Vijay News
शपथ लेते ही लिए बड़े फैसले
मुख्यमंत्री पद संभालते ही विजय ने जनता को राहत देने वाले बड़े फैसलों का ऐलान किया। उन्होंने घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा बल गठित करने से जुड़ी पहली फाइलों पर हस्ताक्षर किए।
अपने पहले संबोधन में विजय ने कहा कि उनकी सरकार पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ काम करेगी। उन्होंने कहा कि वह किसी राजनीतिक परिवार से नहीं आते, लेकिन जनता ने उन पर भरोसा जताया है और वह उस भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
राज्य की आर्थिक स्थिति पर जारी होगा श्वेत पत्र
मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि उन्होंने लगभग 10 लाख करोड़ रुपये के कर्ज के दबाव के बीच सरकार की जिम्मेदारी संभाली है। उन्होंने राज्य की वित्तीय स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने की घोषणा करते हुए कहा कि सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ काम करेगी।
उन्होंने पिछली सरकारों पर राज्य पर भारी कर्ज छोड़ने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी सरकार झूठे वादों की राजनीति नहीं करेगी। विजय ने स्पष्ट किया कि सरकार में सत्ता का कोई दूसरा केंद्र नहीं होगा और निर्णय प्रक्रिया पूरी तरह मुख्यमंत्री कार्यालय से संचालित होगी।
Tamil Nadu CM Vijay News
कांग्रेस, वाम दलों और वीसीके का जताया आभार
सरकार गठन के बाद विजय ने कांग्रेस, वीसीके और वाम दलों का समर्थन देने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि गठबंधन दलों के सहयोग से तमिलनाडु को विकास की नई दिशा दी जाएगी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विजय और टीवीके को बधाई देते हुए कहा कि नई सरकार ‘आत्म-सम्मान, सामाजिक न्याय, सशक्तिकरण और तर्कसंगत सोच’ जैसे मूल्यों को आगे बढ़ाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी विजय को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार तमिलनाडु के विकास और जनता के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करती रहेगी।
13 मई तक बहुमत साबित करने की चुनौती
मुख्यमंत्री विजय को अब 13 मई तक विधानसभा में बहुमत साबित करना होगा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि टीवीके की जीत ने तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव ला दिया है और राज्य की पारंपरिक द्रविड़ राजनीति को नई चुनौती मिली है।
विजय मंत्रिमंडल में शामिल प्रमुख चेहरे
एन आनंद उर्फ ‘बुसी आनंद’
विजय के करीबी सहयोगी माने जाने वाले एन आनंद पहले पुडुचेरी से विधायक रह चुके हैं। उन्होंने चेन्नई की टी नगर सीट से जीत दर्ज की है।
आधव अर्जुना
पूर्व बास्केटबॉल खिलाड़ी और उद्योगपति आधव अर्जुना टीवीके के महासचिव हैं और चुनाव अभियान में उनकी अहम भूमिका रही।
राजमोहन अरुमुगम
डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘पुट चटनी’ से लोकप्रिय हुए राजमोहन ने युवाओं को पार्टी से जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सीटीआर निर्मल कुमार
टीवीके की डिजिटल रणनीति के प्रमुख चेहरे रहे निर्मल कुमार ने सोशल मीडिया और व्हाट्सएप नेटवर्क के जरिए पार्टी को मजबूत पहचान दिलाई।
केजी अरुणराज
पूर्व आईआरएस अधिकारी और डॉक्टर अरुणराज ने वीआरएस लेकर राजनीति में कदम रखा और टीवीके के प्रचार व नीति विभाग को मजबूत किया।
केए सेंगोट्टैयन
एआईएडीएमके के वरिष्ठ नेता रहे सेंगोट्टैयन नवंबर 2025 में टीवीके में शामिल हुए थे।
कीर्तना एस
विजय मंत्रिमंडल की इकलौती महिला मंत्री कीर्तना एस पहली बार मंत्री बनी हैं।
पी. वेंकटरमणन
मायलापुर सीट से बड़ी जीत दर्ज करने वाले वेंकटरमणन शिक्षित और साफ छवि वाले नेता माने जाते हैं।
डॉ. केटी प्रभु
पेशे से डेंटिस्ट डॉ. केटी प्रभु ने करैकुडी सीट से जीत हासिल कर राजनीति में मजबूत शुरुआत की है।
Tamil Nadu CM Vijay News

