माँ के सम्मान में ‘क्षितिज की गूँज’ कार्यक्रम, फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन ने दिव्यांग बच्चों की माताओं को किया सम्मानित

मातृ दिवस के पावन अवसर पर फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन ने सेक्टर 70 स्थित अपने केंद्र में ‘क्षितिज की गूँज – एक सम्मान माँ के नाम’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया। यह कार्यक्रम विशेष रूप से उन माताओं को समर्पित था, जिनका असीम प्रेम, त्याग और संघर्ष दिव्यांग बच्चों की थेरेपी यात्रा को मजबूती प्रदान करता है। आयोजन में 50 से अधिक माताओं को उनके अटूट समर्पण के लिए ताज पहनाकर, सम्मान-पत्र भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मातृ दिवस की बधाई के साथ हुई, जहां माताओं ने आत्मविश्वास से भरे रैंप वॉक के जरिए महिला सशक्तिकरण का शक्तिशाली संदेश दिया। दिव्यांग बच्चों ने अपनी माताओं को समर्पित मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया। आर्ट-क्राफ्ट सेशन और मजेदार गेम्स ने माँ-बच्चों के बीच बंधन को और मजबूत किया। सबसे भावुक क्षण तब आया जब बच्चों ने स्वयं बनाए उपहार गिफ्ट सेरेमनी में अपनी माताओं को भेंट किए, जिससे कई माताएं आंसुओं से भावुक हो उठीं।

फाउंडेशन के निदेशक डॉ. महीपाल सिंह ने बताया, “ऐसे आयोजन न केवल बच्चों का हौसला बढ़ाते हैं, बल्कि समाज को मातृत्व के सच्चे स्वरूप की याद दिलाते हैं।” सीईओ डॉ. सुष्मिता भाटी ने कहा, “माताओं का योगदान थेरेपी की सफलता का आधार है। यह कार्यक्रम उनके संघर्ष को सम्मान देने का माध्यम बना।” डॉ. दीक्षा श्रीवास्तव ने जोड़ा कि ऐसे आयोजन समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. निधि बंसल, संस्थापक रानसरी, रहीं। उन्हें फाउंडेशन के बच्चों द्वारा स्वनिर्मित हैंड सैनिटाइजर और इन-हाउस न्यूजलेटर भेंट कर सम्मानित किया गया। विशिष्ट अतिथियों में कृष्णा शर्मा, अविनाश सेठी, श्रीमती काकुली चटर्जी और वंदे भारत राष्ट्रवादी संगठन की अध्यक्ष वंदना सोनी शामिल रहीं। सभी अतिथियों ने माताओं के योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

आयोजन को सफल बनाने में विशेष शिक्षिका एलिका रावत, एडमिन हेड कृष्णा यादव, फिजियोथेरेपिस्ट अभिनव प्रताप सिंह, डिजिटल मीडिया मैनेजर सौम्या सोनी और सेंटर मैनेजर सुरभि जैन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। फाउंडेशन ने इस अवसर पर घोषणा की कि भविष्य में ऐसे और अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि विशेष बच्चों और उनकी माताओं को प्रोत्साहन मिल सके। कार्यक्रम में उपस्थित सैकड़ों लोगों ने मातृत्व के सम्मान में तालियों की गड़गड़ाहट से वातावरण गुंजायमान कर दिया।

यह भी पढ़ें: बरौला में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान तेज, रेडियो एमिटी और स्मार्ट प्रोजेक्ट ने शुरू की ग्रासरूट्स स्तर पर मुहिम

यहां से शेयर करें