पैसे के विवाद में दीपक की हत्या, 24 घंटे के भीतर आरोपी हिरासत में

मैनपुरी जिले के एक गाँव से रोजी-रोटी की तलाश में नोएडा आए एक युवक की उसके ही दोस्तों ने चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी। घटना की सूचना पाते ही नोएडा पुलिस हरकत में आई और महज 24 घंटे के भीतर एफएनजी रोड-ग्रीन बेल्ट सर्विस रोड पर आरोपियों से जबरदस्त मुठभेड़ हुई। फायरिंग में दो आरोपी गोलीबारी में घायल हो गए और दो बाल नाबालिग भी पुलिस की गिरफ्त में आ गए। इस पूरे मामले ने चोटपुर कॉलोनी और आसपास के इलाकों में सनसनी और भय का माहौल पैदा कर दिया है।

खूनी विवाद की पृष्ठभूमि

मूल रूप से मैनपुरी के कछुपुरा समशेर गांव निवासी दीपक नोएडा की चोटपुर कॉलोनी में रहता था। पुलिस के मुताबिक, दीपक ने अपने दोस्त अमन व पीयूष से कुछ रकम ली थी और इसी बात को लेकर दोनों दोस्तों से उसका विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश और पैसों के विवाद को लेकर दोनों पक्षों में पहले से तनाव चल रहा था।  17 मई 2026 को चोटपुर कॉलोनी में आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहाँ 21 वर्षीय युवक दीपक की उसके ही दोस्तों ने चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सफदरजंग में तोड़ा दम, परिवार में कोहराम

गंभीर हालत में दीपक को पहले नजदीकी अस्पताल और फिर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बेटे की यह दर्दनाक मौत परिवार के लिए असहनीय आघात बन गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थाना प्रभारी अमित काकरान ने बताया कि मृतक की माँ रमन देवी की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। मौत के बाद पुलिस ने केस में हत्या की धारा बढ़ा दी और आरोपियों को पकड़ने के लिए संभावित स्थानों पर दबिश शुरू कर दी। दीपक की मौत के बाद मुकदमे में धारा 103(1) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

24 घंटे में मुठभेड़ — एफएनजी रोड पर आमना-सामना

घटना के खुलासे के लिए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। इसी क्रम में 18 मई की रात बहलोलपुर अंडरपास से एफएनजी रोड की ओर ग्रीन बेल्ट सर्विस रोड पर थाना सेक्टर-63 पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगे।  पुलिस ने तत्काल पीछा किया। भागते बदमाशों ने पुलिस दल पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो आरोपी गोलियों की चपेट में आकर घायल हो गए और दो अन्य को मौके पर ही दबोच लिया गया।

आरोपियों की पहचान और बरामदगी

घायल आरोपियों की पहचान अमन पुत्र वीर सिंह, निवासी बुलंदशहर, हाल निवासी चोटपुर कॉलोनी सेक्टर-63 तथा संदीप कुमार पुत्र संजय सिंह, निवासी बुलंदशहर, हाल निवासी चोटपुर कॉलोनी सेक्टर-63 के रूप में हुई है। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, हत्या की वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की पहचान बाल अपचारी के रूप में हुई है। पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान चलाकर दोनों को भी अभिरक्षा में ले लिया। मुठभेड़ स्थल से तीन तमंचे, चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, हत्या में प्रयुक्त चाकू और दोनों मोटरसाइकिल बरामद की गईं।

सेंट्रल नोएडा डीसीपी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताय की

 दीपक हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। सेंट्रल नोएडा के डीसीपी ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क तक पहुँचने के लिए आगे छापेमारी की कार्रवाई भी की जाएगी।

क्षेत्र में दहशत का माहौल

वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। चोटपुर कॉलोनी के निवासियों का कहना है कि इलाके में बाहर से आए गिरोहों की बढ़ती सक्रियता और आपसी रंजिश के चलते अराजकता फैल रही है। स्थानीय लोगों ने माँग की है कि ऐसे तत्वों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।

आगे की कार्रवाई

पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। मृतक दीपक का पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और आरोपियों की पूछताछ के आधार पर चार्जशीट तैयार की जाएगी। पुलिस यह भी जाँच कर रही है कि क्या बरामद हथियार किसी और वारदात में इस्तेमाल हुए थे।

यह भी पढ़ें: लोहिया एनक्लेव सोसाइटी में कलेजा चीर देने वाला हादसा, 15वीं मंजिल से गिरकर 4 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत

यहां से शेयर करें