Tamil Nadu News : कावेरी जल विवाद को लेकर तमिलनाडु की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे और डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन अपनी एक कथित विवादित टिप्पणी को लेकर घिर गए हैं। आरोप है कि कावेरी मुद्दे पर एक रैली के दौरान उन्होंने अभिनेत्री तृषा को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।
Tamil Nadu News :
मामला उस समय सामने आया जब रैली में मौजूद एक व्यक्ति ने भीड़ के बीच ‘तृषा-तृषा’ के नारे लगाए। इस दौरान उदयनिधि ने अपना भाषण रोककर प्रतिक्रिया दी और कथित तौर पर डबल मीनिंग टिप्पणी कर दी। इसके बाद सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक उनकी आलोचना शुरू हो गई।
उदयनिधि ने कहा- मैंने किसी का नाम नहीं लिया
विवाद बढ़ने के बाद उदयनिधि स्टालिन ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं कहा है और ना ही किसी व्यक्ति का नाम लिया था। उन्होंने कहा कि मामले में अब अदालत ही तय करेगी कि सही क्या है और गलत क्या है। उन्होंने यह भी कहा कि वह इस मामले के परिणाम भुगतने के लिए तैयार हैं।
बीजेपी ने साधा निशाना
उदयनिधि की टिप्पणी को लेकर तमिलनाडु भाजपा ने भी हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसे घृणित, अश्लील और शर्मनाक बताया।
उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती। भाजपा नेता ने मांग की कि उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
टीवीके विधायक ने भी की आलोचना
तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) विधायक रेवंत चरण ने भी उदयनिधि के बयान की आलोचना की। उन्होंने इसे घटिया भाषा बताते हुए कहा कि कावेरी जल विवाद के मुद्दे पर समर्थन नहीं मिलने के बाद इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया।
कावेरी जल विवाद को लेकर आमने-सामने हैं तमिलनाडु और कर्नाटक
गौरतलब है कि यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब कावेरी जल बंटवारे को लेकर तमिलनाडु सरकार और कर्नाटक सरकार के बीच टकराव चल रहा है। तमिलनाडु सरकार ने आरोप लगाया है कि कर्नाटक, कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण और कावेरी जल विनियमन समिति के निर्देशों के बावजूद राज्य के हिस्से का पानी नहीं छोड़ रहा है।
उदयनिधि स्टालिन ने भी कर्नाटक सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि मुख्यमंत्री की कथित उदासीनता के कारण तमिलनाडु को कावेरी का पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। अब उनकी टिप्पणी को लेकर राजनीतिक विवाद और तेज हो गया है।
Tamil Nadu News :

