ग्रेटर नोएडा। जिला कांग्रेस कमेटी गौतम बुद्ध नगर ने सोमवार को स्वर्णनगरी स्थित ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता कर कांग्रेस के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने बताया कि लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत 6 अक्टूबर को दादरी नगर में ‘वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ मार्च’ निकाला जाएगा। इसके अगले दिन 7 अक्टूबर को जेवर विधानसभा क्षेत्र में प्रांतीय किसान पदयात्रा आयोजित होगी।
दादरी में निकलेगा ‘वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ मार्च’
दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि कांग्रेस के इस मार्च में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और आम नागरिक शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह मार्च मताधिकार की पवित्रता, संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने के अधिकार को लेकर जनता के बीच संदेश पहुंचाने का माध्यम होगा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि देश में वोट चोरी के सवाल, संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और विपक्ष के लोकतांत्रिक विरोध के अधिकार को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है और कांग्रेस इसे अघोषित आपातकाल की स्थिति के तौर पर देखती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी दबाव के सामने झुकने वाली नहीं है और संविधान तथा लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाती रहेगी। उनके मुताबिक ‘वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ’ अभियान केवल कांग्रेस का राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नागरिकों के मताधिकार और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा से जुड़ा अभियान है।
जहांगीरपुर से जेवर तक निकलेगी किसान पदयात्रा
कांग्रेस ने 7 अक्टूबर 2026 को जेवर विधानसभा क्षेत्र में प्रांतीय किसान पदयात्रा आयोजित करने की घोषणा की है। पार्टी के मुताबिक यात्रा ट्रैक्टर-ट्रालियों के साथ जहांगीरपुर से शुरू होकर मोहबलीपुर, थोरा, मॉडलपुर, किशोरपुर, बनवारीवास और नीमका समेत विभिन्न गांवों से होते हुए जेवर नगर में समाप्त होगी।
यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता किसानों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को सुनेंगे। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’, उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रांतीय प्रभारी सचिव एवं पूर्व विधायक संजीव आर्य समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
भूमि अधिग्रहण और मुआवजे के मुद्दे उठाएगी कांग्रेस
दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर के किसान लंबे समय से भूमि अधिग्रहण, उचित मुआवजा, आबादी निस्तारण, किसानों के अधिकार, स्थानीय युवाओं के रोजगार और प्राधिकरणों से जुड़ी समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों की मांगों को लगातार उठाती रही है और आगे भी उनके संघर्ष में साथ खड़ी रहेगी। किसान पदयात्रा के जरिए किसानों की समस्याओं को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कांग्रेस ने दोनों कार्यक्रमों में बड़ी भागीदारी की अपील की
जिला कांग्रेस कमेटी ने पार्टी के पदाधिकारियों, ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटियों, फ्रंटल संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, वरिष्ठ कांग्रेसजनों, कार्यकर्ताओं और किसानों से दोनों कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
पत्रकार वार्ता में जिला उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा, मीडिया पैनलिस्ट दुष्यंत नागर, किसान यात्रा संयोजक अजय छोंकर, सेवादल चेयरमैन सतीश शर्मा, सैनिक प्रकोष्ठ चेयरमैन महाराज सिंह, जिला उपाध्यक्ष निशा शर्मा, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ चेयरमैन अरुण भाटी, अनुसूचित जाति चेयरमैन धर्म सिंह जीनवाल, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष श्रुति कुमारी, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह और जिला कार्यालय प्रभारी सचिव सुबोध भट्ट मौजूद रहे।

