ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर स्थित जिला दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन के कार्यालय परिसर में मंगलवार सुबह उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब वहां एक नए चैंबर के निर्माण को लेकर वकीलों के दो गुटों में विवाद छिड़ गया।
जानकारी के अनुसार, बार एसोसिएशन परिसर में एक चैंबर बनाए जाने की तैयारी चल रही थी और इसके लिए निर्माण सामग्री कार्यालय में मंगवाई गई थी। जैसे ही यह बात दूसरे गुट के अधिवक्ताओं को पता चली, वे विरोध जताने मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही हंगामे में बदल गई। विरोध कर रहे वकीलों ने गुस्से में निर्माण से जुड़ा शिलापट तोड़ दिया और चैंबर के लिए लाई गई सामग्री को उठाकर बाहर फेंक दिया। इस घटनाक्रम से परिसर में कुछ देर के लिए तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। विरोध कर रहे अधिवक्ताओं का कहना है कि कार्यालय परिसर में किसी भी तरह के निर्माण से पहले सभी संबंधित पक्षों की सहमति लेना और तय प्रक्रिया का पालन करना जरूरी है। फिलहाल इस मामले को लेकर बार एसोसिएशन के दोनों गुटों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें: नोएडा में किसानों की महापंचायत, राकेश टिकैत बोले-मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा धरना

