AI Deepfakes: मुंबई, बॉलीवुड एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर ने अपनी पहचान के डीपफेक मिसयूज़ को लेकर सख्त नाराज़गी जताई है। मंगलवार को एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर एक कड़े शब्दों वाला बयान शेयर करते हुए साफ कर दिया कि आगे कोई भी उनकी तस्वीरों या पहचान का AI के ज़रिए गलत इस्तेमाल करता पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एक्ट्रेस ने अपने पोस्ट में डीपफेक कंटेंट बनाने या शेयर करने को गैरकानूनी और अस्वीकार्य बताया और इसे रोकने के लिए यह उनकी औपचारिक चेतावनी है, ऐसा कहा। हालांकि, मृणाल ने यह स्पष्ट नहीं किया कि किस खास तस्वीर, वीडियो या अकाउंट को लेकर उन्होंने यह चेतावनी जारी की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक एंटरटेनमेंट पेज ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर मृणाल की कुछ कथित रूप से मॉर्फ की गई तस्वीरें अपमानजनक तरीके से शेयर की थीं, जिसके बाद एक्ट्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी और तुरंत कंटेंट हटाने की मांग की।
कई सितारे पहले भी उठा चुके हैं आवाज़
मृणाल अकेली एक्ट्रेस नहीं हैं जिन्होंने AI डीपफेक के खिलाफ आवाज़ उठाई हो। इससे पहले रश्मिका मंदाना ने भी उनकी मॉर्फ की गई वीडियो के वायरल होने पर गहरा दुख जताया था और ऑनलाइन गलत सूचना व AI मिसयूज़ पर सख्त कार्रवाई की मांग की थी। जाह्नवी कपूर ने भी डीपफेक इमेजेज़ के असर पर बात करते हुए कहा था कि ऐसा कंटेंट किसी की निजी और प्रोफेशनल ज़िंदगी दोनों को प्रभावित कर सकता है। इसके अलावा, सलमान खान, शिल्पा शेट्टी और सुनील शेट्टी जैसे कई कलाकार पहले ही अपनी छवि, आवाज़ और पहचान के गैरअधिकृत इस्तेमाल को लेकर कोर्ट का रुख कर चुके हैं। हाल ही में ऐश्वर्या राय बच्चन ने भी दिल्ली हाईकोर्ट में अपनी AI-जनरेटेड तस्वीरों के दुरुपयोग को लेकर याचिका दायर की थी।
बढ़ती चिंता का विषय बना AI मिसयूज़
फिल्म इंडस्ट्री में AI और डीपफेक टेक्नोलॉजी के दुरुपयोग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे सेलिब्रिटीज़ की निजता और गरिमा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मृणाल का यह बयान इस बात का संकेत है कि अब कलाकार चुप बैठने की बजाय खुलकर विरोध जता रहे हैं और कानूनी रास्ता अपनाने से भी नहीं हिचक रहे। काम की बात करें तो मृणाल ठाकुर हाल ही में ‘है जवानी तो इश्क होना ही है’ और ‘डकैत’ में नज़र आई थीं।

