Noida Sector-52 Metro: नोएडा में थार से उतारने पर दोस्तों ने ही की युवक की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल

Noida Sector-52 Metro: नोएडा। नोएडा के सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार सुबह उस वक्त हंगामा मच गया, जब कार में बैठाने को लेकर हुए विवाद में युवकों ने अपने ही दोस्त की बीच सड़क लात-घूंसों से पिटाई कर दी। यह घटना सुबह करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। सेक्टर-24 थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीन नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पार्टी के बाद हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, ग्रेटर नोएडा की ईको विलेज-1 सोसाइटी के निवासी पीयूष कुमार झा सिटी बैंक में अधिकारी हैं। रविवार रात वह सोसाइटी में रहने वाले एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल हुए थे। पार्टी के बाद सोमवार सुबह वह अपने दोस्तों को थार गाड़ी से सेक्टर-37 छोड़ने जा रहे थे। गाड़ी में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। पुलिस के मुताबिक, गाड़ी की पिछली सीट पर एक युवती बैठी थी, जबकि आगे की सीट पर तीन लोग सवार थे। इसी दौरान पीछे बैठे एक युवक ने युवती पर हाथ रख दिया, जिस पर युवती के दोस्त ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर गाड़ी में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ता देख पीयूष ने सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के पास सभी को गाड़ी से उतार दिया।

बीच सड़क पर बरसाए लात-घूंसे

आरोप है कि गाड़ी से उतरने के बाद युवती के दोस्तों ने फोन कर अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया और पीयूष पर हमला बोल दिया। कई युवकों ने मिलकर उसे बीच सड़क लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। इस पूरी घटना का वीडियो वहां से गुजर रहे राहगीरों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवती को मारपीट के बीच-बचाव करते हुए भी देखा जा सकता है।

तीन नामजद आरोपियों पर केस दर्ज, गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित

पीड़ित पीयूष की शिकायत पर सेक्टर-24 थाना पुलिस ने पीयूष मिश्रा, हैरी और अमन समेत कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर भी आरोपियों की पहचान की कोशिश कर रही है।

यह भी पढ़ें: AI Deepfakes: मृणाल ठाकुर का डीपफेक पर सख्त वार्निंग, कहा- गैरकानूनी हरकत बंद करो वरना होगी कानूनी कार्रवाई

यहां से शेयर करें