नोएडा/दिल्ली: राजधानी दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित ‘कार्डियोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया’ (CSI) दिल्ली सम्मेलन में नोएडा के प्रसिद्ध चिकित्सक और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) नोएडा के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एन.के. शर्मा के सुपुत्र डॉ. गौरव शर्मा ने अपनी महत्वपूर्ण शोध प्रस्तुति से चिकित्सा जगत का ध्यान आकर्षित किया है।
डॉ. गौरव शर्मा ने सम्मेलन में दिल से जुड़ी जटिल बीमारी के बिना ओपन-हार्ट सर्जरी इलाज पर अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति का विषय “ट्रांसकैथेटर क्लोजर ऑफ सुपीरियर साइनस वेनोसस एट्रियल सेप्टल डिफेक्ट” (Transcatheter Closure of Superior Sinus Venosus Atrial Septal Defect) रहा।
चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में यह तकनीक दिल के छेद (ASD) को बिना सीना चीरे, कैथेटर के जरिए बंद करने की एक बेहद आधुनिक और न्यूनतम आक्रामक (minimally invasive) प्रक्रिया है। डॉ. गौरव द्वारा इस विषय पर प्रस्तुत किए गए वैज्ञानिक तथ्यों और केस स्टडीज को सम्मेलन में मौजूद देश-विदेश के प्रमुख हृदय रोग विशेषज्ञों (Cardiologists) द्वारा काफी सराहा गया।
डॉ. एन.के. शर्मा ने अपने बेटे की इस बड़ी उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए अपने सहयोगियों व चिकित्सकों के साथ यह जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में नई तकनीकों का यह सफल क्रियान्वयन आने वाले समय में हृदय रोगियों के लिए काफी मददगार साबित होगा। इस उपलब्धि पर नोएडा और दिल्ली-एनसीआर के चिकित्सा जगत, आईएमए के सदस्यों और उनके परिचितों ने डॉ. एन.के. शर्मा और डॉ. गौरव शर्मा को ढेरों बधाइयां एवं शुभकामनाएं दी हैं।

