जागरण में गया था परिवार, चोरों ने एक रात में दो भाइयों के घर किए साफ; 20 लाख से ज्यादा का माल गायब

ग्रेटर नोएडा वेस्ट। रोजा जलालपुर गांव में चोरों ने एक ही रात में दो सगे भाइयों के घरों को निशाना बनाया। दोनों परिवार 15 अक्टूबर को बड़े भाई के घर आयोजित जागरण में शामिल होने गए थे। इसी दौरान चोर घरों के ताले तोड़कर नकदी और जेवरात ले उड़े। पीड़ितों के अनुसार दोनों घरों से करीब 4.50 लाख रुपये नकद और 15 से 20 लाख रुपये के गहने चोरी हुए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। आसपास लगे CCTV कैमरों में चेहरा ढके दो संदिग्ध नजर आए हैं।

मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला

गांव निवासी सोनू ने बताया कि चोरी उनके और उनके छोटे भाई, दोनों के घर में हुई है। अगले दिन जब छोटा भाई घर लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर नकदी और जेवरात गायब मिले। इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी।

CCTV में दिखे दो नकाबपोश

पीड़ित परिवार ने घटना के बाद आसपास लगे कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें दो संदिग्ध घरों के आसपास घूमते दिखे। दोनों ने चेहरे ढक रखे थे। परिवार को आशंका है कि चोरों ने वारदात से पहले घरों की रेकी की होगी। हालांकि, संदिग्धों की पहचान और चोरी में उनकी भूमिका की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने बनाई टीम

बिसरख कोतवाली पुलिस के मुताबिक, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई है, जो CCTV फुटेज खंगाल रही है। अन्य साक्ष्यों के आधार पर भी संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

यह भी पढ़ें: नोएडा सेक्टर-105 में पानी की बर्बादी पर RWA सख्त, टंकी पर ऑटोमैटिक फ्लोट वाल्व लगाने की मांग

यहां से शेयर करें