नोएडा। सेक्टर-105 में पानी की टंकी से रोजाना हो रहे ओवरफ्लो और पेयजल की बर्बादी को रोकने के लिए रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) ने पहल की है। एसोसिएशन ने नोएडा प्राधिकरण से टंकी पर ‘ऑटोमैटिक फ्लोट वाल्व’ लगाने और ओवरफ्लो पाइपलाइन को रेनवाटर हार्वेस्टिंग पिट से जोड़ने की मांग की है।
महाप्रबंधक को भेजा गया पत्र
RWA अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने नोएडा विकास प्राधिकरण के महाप्रबंधक (जल एवं सीवर विभाग) आर.पी. सिंह को पत्र भेजकर समस्या के स्थायी और तकनीक-आधारित समाधान की ओर ध्यान दिलाया है। पत्र में कहा गया है कि जलापूर्ति के समय टंकी भरने के बाद भी पानी बहता रहता है, जिससे बड़ी मात्रा में पेयजल नालियों में चला जाता है।
फ्लोट वाल्व और रेनवाटर हार्वेस्टिंग का सुझाव
RWA ने पत्र में दो प्रमुख सुझाव दिए हैं:
- ऑटोमैटिक फ्लोट वाल्व: टंकी पर यह वाल्व लगने से पानी भरते ही आपूर्ति अपने आप बंद हो जाएगी और ओवरफ्लो रुक जाएगा।
- रेनवाटर हार्वेस्टिंग पिट से जुड़ाव: ओवरफ्लो पाइपलाइन को हार्वेस्टिंग पिट से जोड़ने पर, अगर थोड़ा पानी निकलता भी है, तो वह नाली में बहने के बजाय भूजल को रिचार्ज करने में काम आएगा।
साथ ही, RWA ने जलापूर्ति के दौरान विभागीय कर्मचारियों की नियमित निगरानी (मॉनिटरिंग) की जरूरत भी बताई है।
“जल संरक्षण पूरे समाज का साझा संकल्प”
अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने कहा, “जल संरक्षण किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा संकल्प है। नोएडा प्राधिकरण शहर के विकास और जन-सुविधाओं के प्रति संवेदनशील रहा है। हमें विश्वास है कि महाप्रबंधक आर.पी. सिंह के नेतृत्व में जल विभाग इस समस्या का त्वरित, आधुनिक और स्थायी समाधान करेगा, जो पूरे शहर के लिए मिसाल बनेगा।”
निवासियों से भी अपील
RWA ने शहरवासियों से भी अपील की है कि वे रोजमर्रा के जीवन में पानी की हर बूंद की कीमत समझें, बर्बादी रोकें और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।

