New Delhi news दक्षिण जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 8.598 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता की चरस बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करीब 9 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में तीन नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सूचना मिली थी कि कोटला मुबारकपुर में रह रहे तीन नेपाली नागरिक दिल्ली-एनसीआर में चरस की सप्लाई कर रहे हैं। सूचना के आधार पर स्पेशल स्टाफ ने उनके ठिकाने पर छापेमारी कर ज्योति पुन मगर, भरत थापा और गोविंद बुधा को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से कुल 8.598 किलोग्राम व्यावसायिक मात्रा की चरस बरामद हुई। इस संबंध में कोटला मुबारकपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह का सरगना ज्योति पुन मगर भारत-नेपाल सीमा के सोनौली बॉर्डर से चरस मंगवाता था, जबकि भरत थापा और गोविंद बुधा दिल्ली-एनसीआर में इसकी सप्लाई करते थे। आरोपी व्हाट्सएप के जरिए आॅर्डर लेते, डिजिटल माध्यम से भुगतान प्राप्त करते और हर सौदे के बाद चैट व कॉल रिकॉर्ड डिलीट कर देते थे। डिलीवरी के लिए आॅटो और बाइक टैक्सी का इस्तेमाल किया जाता था।
नेपाल स्थित सप्लायर, डिजिटल भुगतान की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब नेपाल स्थित सप्लायर, डिजिटल भुगतान, वित्तीय लेनदेन और पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई भारत-नेपाल सीमा से संचालित मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
New Delhi news

