सेंट्रल जिला पुलिस ने दो घोषित अपराधी दबोचे

New Delhi news  सेंट्रल जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने घोषित अपराधियों (प्रोक्लेम्ड आॅफेंडर्स) के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी लंबे समय से अदालत की कार्यवाही से बचकर फरार चल रहे थे।
पुलिस के अनुसार, इंस्पेक्टर राहुल अधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम को सूचना मिली कि इमरान खान जामा मस्जिद क्षेत्र में मौजूद है। छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में पता चला कि वह दरीयागंज थाना में दर्ज वाहन चोरी के मामले में 30 जून 2026 को अदालत द्वारा घोषित अपराधी घोषित किया गया था। इमरान के खिलाफ वाहन चोरी और एनडीपीएस एक्ट समेत चार आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने सूचना के आधार पर उस्मानपुर के दूसरे पुश्ते से अनीता को गिरफ्तार किया। वह कश्मीरी गेट थाना में दर्ज घर में घुसकर हमला, गलत तरीके से बंधक बनाने, सरकारी कर्मचारी पर हमला और आपराधिक विश्वासघात से जुड़े मामले में अदालत ने 29 जनवरी 2026 को घोषित अपराधी घोषित किया था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों को स्थानीय खुफिया सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर गिरफ्तार किया गया। दोनों अदालत की कार्यवाही से बचकर कानून से आंख-मिचौली कर रहे थे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर दोनों को अदालत में पेश कर दिया है। सेंट्रल जिला पुलिस का विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।

New Delhi news

यहां से शेयर करें