New Delhi news दिल्ली पुलिस द्वारा 1 से 30 जुलाई तक मनाए जा रहे चाइल्ड सेफ्टी अवेयरनेस माह के तहत शुक्रवार को नॉर्थ जिला पुलिस ने महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से तिस हजारी स्थित सलाम बालक ट्रस्ट चाइल्ड केयर सेंटर में बाल कल्याण एवं विकास कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में देखभाल एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले 110 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के समग्र विकास, सुरक्षा, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
सलाम बालक ट्रस्ट जरूरतमंद एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों की देखभाल, शिक्षा, पुनर्वास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य करता है। कार्यक्रम में 7 से 17 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 110 बच्चों के साथ ट्रस्ट के शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य भी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान एनजीओ अनमोल सहारा की एकता गुप्ता, महिला थाना नॉर्थ की एसएचओ इंस्पेक्टर लक्ष्मी सिंह तथा कम्युनिटी पुलिसिंग सेल की टीम ने बच्चों को बाल सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, गुड टच-बैड टच (पॉक्सो अधिनियम), चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, आपातकालीन सेवा-112, नशा मुक्ति, कानूनी जागरूकता, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, करियर मार्गदर्शन, जीवन कौशल, व्यक्तित्व विकास और काउंसलिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी।
बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए रंग भरने की प्रतियोगिता, संगीत, नृत्य, खेल एवं प्रेरक गतिविधियों का आयोजन किया गया। दिल्ली पुलिस के जनसंपर्क वाहन के माध्यम से महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित जागरूकता वीडियो भी प्रदर्शित किए गए। बच्चों ने गीत, नृत्य और अपने अनुभव प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पुलिस अधिकारियों ने बच्चों के साथ संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया और उन्हें मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी बच्चों को अल्पाहार उपलब्ध कराया गया तथा पुलिस अधिकारियों ने बच्चों के साथ भोजन कर आत्मीयता का संदेश दिया।
सुरक्षा जागरूकता और व्यक्तित्व विकास में निभाते हैं अहम भूमिका
कार्यक्रम की बच्चों तथा सलाम बालक ट्रस्ट के अधिकारियों ने सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास, सुरक्षा जागरूकता और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दिल्ली पुलिस ने कहा कि चाइल्ड सेफ्टी अवेयरनेस माह के दौरान जिले में बच्चों की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर विभिन्न कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में यह रहे मौजूद
इस मौके पर महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव डॉ. रश्मि सिंह (आईएएस), नॉर्थ जिले के डीसीपी राजा बंथिया (आईपीएस), अतिरिक्त डीसीपी निहारिका भट्ट (आईपीएस), राम दुलेश मीणा, एसीपी सिविल लाइंस, एसीपी महिला थाना सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।


New Delhi news

