डीएम ने जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर मरीजों से जानी सुविधाओं की स्थिति

Ghaziabad news  जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने बुधवार को जिला महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण में मरीजों एवं तीमारदारों से सीधे संवाद कर अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं तथा संभावित समस्याओं की जानकारी ली।
अधिकांश मरीजों ने बताया कि चिकित्सक समय पर उपलब्ध रहते हैं, चिकित्सा सेवाएं संतोषजनक हैं, भोजन की गुणवत्ता अच्छी है तथा किसी प्रकार का सुविधा शुल्क नहीं लिया जाता। साथ ही यह भी अवगत कराया गया कि अस्पताल में बाहरी दवाइयां भी नहीं लिखी जातीं।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिए कि अस्पताल में मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ करने, दवाओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने तथा भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सकों की समयबद्ध उपस्थिति और अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि कुपोषित बच्चों के उपचार में विशेष सतर्कता बरती जाए और उन्हें पूर्ण रूप से स्वस्थ होने तक अस्पताल में रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


Ghaziabad news

किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता पर लें अधिकारी :सीडीओ
Ghaziabad news मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने कहा कि किसानों की शिकायतों का निस्तारण शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक शिकायतकर्ता को समाधान की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने बुधवार को विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में किसान दिवस में किसानों की समस्याओं, शिकायतों एवं विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए उक्त विचार व्यक्त किए।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह ने बैठक में गन्ना भुगतान, ग्रामीण क्षेत्रों में 10 घंटे बिजली आपूर्ति तथा ग्राम मोरटा में जलभराव की समस्या उठाई।
सीडीओ ने अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। जिला गन्ना अधिकारी ने जानकारी दी कि 11.5 करोड़ रुपये की धनराशि शीघ्र किसानों के खातों में हस्तांतरित की जाएगी।
नगर निगम को मोरटा क्षेत्र में जलभराव की समस्या के तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी किसानों को योजनाओं की जानकारी दी।

Ghaziabad news

यहां से शेयर करें