क्राइम ब्रांच ने मुठभेड़ में पकड़े बांग्लादेशी डकैत गिरोह के छह सदस्य

New Delhi news  क्राइम ब्रांच की एईकेसी टीम ने देर रात हुए हाई-रिस्क एनकाउंटर में बहादुरी दिखाते हुए अंतरराज्यीय कुख्यात बांग्लादेशी डकैत गिरोह के छह सदस्यों को दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में के पास एक सुनसान जंगली इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान सुमन हलधर उर्फ पन्नू , सैफुल इस्लाम, सोहेल शेख, मोहम्मद नासिर, नूर इस्लाम उर्फ नदीम खान और जाकिर निवासी बांग्लादेश के बागरहाट के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार और लूट के औजार बरामद किए हैं। पुलिस ने दावा किया कि गिरोह सीमा पार कर अवैध रूप से भारत आता था। गिरोह दिल्ली, गोवा और कर्नाटक जैसे राज्यों में हिंसक डकैतियां और हत्याएं करता था।
दिल्ली अपराध मुख्यालय के पुलिस उप आयुक्त संजीव कुमार यादव ने बताया कि एक गुप्त सूचना मिलने पर 14 और 15 अप्रैल की रात को एक खतरनाक आॅपरेशन चलाकर गिरोह के गुर्गों को दबोचा।
पुलिस की मानें तो गिरोह के दो बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पुलिस बाकी आरोपियों को तलाश रही है। गिरोह पिछले कई वर्षों से अपराध करके गायब हो जाने का तरीका अपना रहा था। गैंग दिल्ली के अलावा गोवा, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और ओडिशा में अमीर घरों और खासकर अकेले रहने वाले बुजुर्गों को लूटता था।
वारदात कर भाग जाते थे बांग्लादेश
अधिकारी ने बताया कि ये लोग गैरकानूनी तरीके से भारत में घुसते थे। साथ ही डकैती की वारदात को अंजाम देते थे। फिर गिरफ्तारी से बचने के लिए वापस बांग्लादेश भाग जाते थे। कुछ महीनों में जब मामला शांत हो जाता था तब फिर लौटते थे और नए इलाकों में वारदातों को अंजाम देते थे। गैंग पूरे भारत में अपने टार्गेट को चुनने के लिए परिचितों और रिश्तेदारों के नेटवर्क की मदद लेता था। गिरोह अमीर और पैसे वाले परिवारों और लोगों को निशाना बनाता था। गिरोह के सदस्य पकड़े जाने के डर से मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करते थे। आरोपी बिना किसी की नजर में आए सीमा पार करने के लिए तस्करों की मदद लेते थे।
डकैती, लूट और हत्या के 14 मामले दर्ज
गिरोह पर कई राज्यों में डकैती, लूट और हत्या के कम से कम 14 मामले दर्ज हैं। साल 2025 में गोवा के मापुसा में गिरोह ने कथित तौर पर एक घर में घुसकर परिवार को बंधक बना उनके साथ मारपीट की थी। आरोपी 35 लाख रुपये और गहने लूटकर फरार हो गए थे। आरोपियों ने पणजी में एक परिवार को निशाना बनाया था। आरोपियों ने पीड़ितों को घर में बंद कर दिया था और करीब एक किलो सोने के गहने और 3 लाख रुपये लूट लिए थे।

New Delhi news

यहां से शेयर करें