New Delhi news उत्तर-पूर्वी जिले के साइबर थाना पुलिस ने सेक्सटॉर्शन के जरिए 5.80 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान इमरान (23), कुनाल (22) और राजेश (18) के रूप में हुई है। इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गंगा विहार निवासी पीड़ित को 6 मई को एक अज्ञात महिला ने व्हाट्सएप वीडियो कॉल कर सोशल मीडिया मित्र बनकर अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद अलग-अलग नंबरों से खुद को पुलिस अधिकारी, सोशल मीडिया अधिकारी और सरकारी अधिकारी बताने वाले लोगों ने वीडियो वायरल करने और गिरफ्तारी की धमकी देकर विभिन्न बैंक खातों, यूपीआई आईडी और क्यूआर कोड के माध्यम से करीब 5.80 लाख रुपये ऐंठ लिए।
शिकायत मिलने पर साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राहुल कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने वित्तीय लेनदेन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए फरीदाबाद निवासी तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने राजस्थान के मेवात क्षेत्र से संचालित एक संगठित सेक्सटॉर्शन गिरोह के लिए काम करने की बात स्वीकार की है। मामले में आगे की जांच जारी है।
New Delhi news

