New Delhi news बाल सुरक्षा जागरूकता माह के तहत दिल्ली पुलिस पब्लिक स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। न्यू पुलिस लाइंस स्थित दिल्ली पुलिस पब्लिक स्कूल में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों के लिए विशेष अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) आयोजित की गई, जबकि वजीराबाद स्थित विद्यालय के विद्यार्थियों ने बाल सुरक्षा जागरूकता रैली निकालकर समाज को सुरक्षित बचपन का संदेश दिया।
पीटीएम के दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों को बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। बैठक में नियमित उपस्थिति, सुरक्षित स्कूल परिवहन, बच्चों की व्यक्तिगत सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, बुलिंग की रोकथाम, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य, आपातकालीन संपर्क विवरण, चाइल्ड हेल्पलाइन तथा स्कूल में लागू बाल संरक्षण उपायों पर चर्चा की गई। अभिभावकों से बच्चों के शैक्षणिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास पर विद्यालय के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने का आग्रह किया गया। कार्यक्रम के अंत में अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समय की आवश्यकता बताया।
वहीं, दिल्ली पुलिस पब्लिक स्कूल, वजीराबाद में आयोजित जागरूकता रैली में लगभग 260 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने हाथों में आकर्षक तख्तियां लेकर और प्रेरक नारों के माध्यम से व्यक्तिगत सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार तथा असुरक्षित परिस्थितियों के खिलाफ आवाज उठाने का संदेश दिया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज को यह संदेश दिया कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।


New Delhi news

