New Delhi news सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा था कि उसमें दिखाई देने वाला व्यक्ति दिल्ली पुलिस का सब-इंस्पेक्टर (एसआई) है, जिसने अपनी नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस दावे को पूरी तरह फर्जी, भ्रामक और निराधार बताते हुए इसका खंडन किया है।
दिल्ली पुलिस ने अपने आधिकारिक स्पष्टीकरण में कहा कि वायरल वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति दिल्ली पुलिस का कर्मचारी नहीं है। ऐसे में उसे दिल्ली पुलिस का सब-इंस्पेक्टर बताकर इस्तीफे का दावा करना पूरी तरह गलत है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे साझा करें। किसी भी संवेदनशील मामले में केवल दिल्ली पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल और अधिकृत माध्यमों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें।
दिल्ली पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाने से भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है। इसलिए किसी भी वायरल पोस्ट या वीडियो को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।
New Delhi news

