आॅपरेशन विस्टा 1.0: वीजा शर्तों का उल्लंघन करने वाले 11 बांग्लादेशी नागरिक सेंट्रल जिला पुलिस के हत्थे चढ़े

New Delhi news  वीजा नियमों का उल्लंघन कर भारत में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सेंट्रल जिला पुलिस की एंटी आॅटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) ने “आॅपरेशन विस्टा 1.0” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। सभी आरोपी डबल एंट्री वीजा पर मिलने वाली 15 दिन की तय अवधि से कहीं अधिक समय से भारत में रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई इंस्पेक्टर संदीप दबास, प्रभारी एएटीएस के नेतृत्व और एसीपी/आॅपरेशंस पदम सिंह राणा की करीबी निगरानी में एसआई प्रियंक राणा सहित दस अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने की। टीम काफी समय से सेंट्रल जिले के होटलों और गेस्ट हाउसों में वीजा सत्यापन अभियान चला रही थी।
3-4 अगस्त की दरमियानी रात पहाड़गंज इलाके में गश्त के दौरान एक विश्वसनीय मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सिलहट, बांग्लादेश निवासी नईम अहमद को पकड़ा। पूछताछ में उसने बांग्लादेशी नागरिक होने की बात कबूली और पासपोर्ट दिखाया, जिसकी जांच में सामने आया कि उसका भारत में रुकने का प्राधिकृत समय 28 जून 2026 को ही समाप्त हो चुका था, फिर भी वह बिना किसी वैध विस्तार के भारत में रह रहा था।
नईम से गहन पूछताछ में पता चला कि दिल्ली में और भी कई बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से रह रहे हैं। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी इलाके में फ्लैट नंबर 158 पर छापा मारा, जहां से 10 और बांग्लादेशी नागरिक बरामद हुए। दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि सभी अपने-अपने वीजा की वैधता समाप्त होने के बाद भी भारत में गैरकानूनी रूप से रह रहे थे।
जांच में पुष्टि हुई कि सभी 11 आरोपी डबल एंट्री वीजा पर वैध रूप से भारत आए थे, लेकिन हर विजिट में अधिकतम 15 दिन रुकने की शर्त का उल्लंघन कर उससे कहीं अधिक समय तक भारत में रुके रहे। पुलिस ने सभी को फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन आॅफिस (एफआरआरओ) के समक्ष पेश किया, जिसने रेस्ट्रिक्शन आॅर्डर जारी करते हुए सभी को डिपोर्टेशन प्रक्रिया पूरी होने तक शाहजादा बाग स्थित डिटेंशन सेंटर सेवा धाम में रखने का निर्देश दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में तहमीद अहमद तंजीद, सज्जाद हुसैन, सब्बीर अहमद, नईम अहमद, मोहम्मद कमाल हुसैन, शाकिल अहमद नईम, मोहम्मद अशरफुल हक मामून, सुल्तान अहमद सोजिब, मुजम्मिल अहमद, बख्तियार अहमद जौहरी और जकारिया शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से 11 पासपोर्ट, 11 वीजा दस्तावेज और 14 मोबाइल फोन बरामद कर कानूनी कार्रवाई के लिए अपने कब्जे में ले लिए हैं।

New Delhi news

यहां से शेयर करें