ग्रेटर नोएडा को देश के सबसे हरित शहरों में शामिल करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे वृहद पौधरोपण अभियान के तहत रविवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-16बी स्थित ग्रीन बेल्ट में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गौतमबुद्ध नगर से राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने कहा कि शहर को हरा-भरा बनाने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि गैर सरकारी संगठन, आरडब्ल्यूए, सामाजिक संस्थाएं और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी बेहद आवश्यक है।
गिव मी ट्रीज ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी गिरीश कुमार झा, प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा, उप महाप्रबंधक उद्यान एसके जैन, वरिष्ठ प्रबंधक श्यामा प्रसाद, मनोज सचान, राम कुमार, प्रबंधक लव शंकर भारती, प्रशांत समाधिया, दिव्या चौधरी, सहायक प्रबंधक बीके त्यागी, रविंद्र गौड़ सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने बताया कि ‘पीएम वन’ अभियान के तहत उनकी ओर से प्रत्येक माह 30 पौधे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल भी उतनी ही जरूरी है। साथ ही एक स्थान पर एक ही प्रजाति के पौधे लगाने से उनका संरक्षण और रखरखाव अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।
इसी क्रम में आईटी सिटी रोड स्थित जीरो पॉइंट के पास विकसित किए जा रहे शहरी वन क्षेत्र में प्रमुख सचिव एवं जिले के नोडल अधिकारी अनिल गर्ग ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस और सुमित यादव के साथ पौधरोपण किया। इस दौरान उप महाप्रबंधक विजय कुमार रावल, उपनिदेशक उद्यान ज्ञानेंद्र यादव तथा अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने रोजा याकूबपुर, सेक्टर-16 रेलवे ट्रैक के समीप ग्रीन बेल्ट, कोको काउंटी सोसाइटी के पास, बैनेट यूनिवर्सिटी के निकट तथा सेक्टर पी-3 सहित विभिन्न स्थानों पर भी पौधरोपण कराया। इन क्षेत्रों में पिलखन, अमलतास, गुलमोहर, नीम और जामुन जैसी पर्यावरण के लिए उपयोगी प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इस अभियान में ग्रेटर नोएडा की विभिन्न आरडब्ल्यूए और सामाजिक संगठनों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। कोको काउंटी सोसाइटी के पास आयोजित कार्यक्रम में दादरी विधायक प्रतिनिधि दीपक यादव भी उपस्थित रहे।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने पहले इस वर्ष 1.34 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया था, लेकिन प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने इसे बढ़ाकर लगभग 1.90 लाख पौधे कर दिया है। एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने घरों, पार्कों, ग्रीन बेल्ट और सड़कों के किनारे अधिक से अधिक पौधे लगाएं तथा उनकी नियमित देखभाल कर ग्रेटर नोएडा को और अधिक हराभरा एवं पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने में सहयोग दें।

