नोएडा के लोकप्रिय विधायक पंकज सिंह ने सोमवार को जनसेवा, विकास और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित कई कार्यक्रमों में भाग लेते हुए विधानसभा क्षेत्र के लोगों को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने ग्राम छिजारसी, चोटपुर, बहलोलपुर, गढ़ी चौखंडी और आसपास की कॉलोनियों में करीब ₹4.23 करोड़ की अनुमानित लागत से 16 सड़क एवं नाली निर्माण परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।
ये परियोजनाएं विधायक निधि, त्वरित आर्थिक विकास योजना तथा राज्यसभा सांसद निधि के माध्यम से संचालित की जाएंगी। इन विकास कार्यों से स्थानीय क्षेत्रों में सड़क, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। इस अवसर पर विधायक पंकज सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक बेहतर आधारभूत सुविधाएं पहुंचाना और उनके जीवन को अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनहित के कार्य उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।
इसके बाद विधायक पंकज सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वस्थ भारत’ संकल्प को आगे बढ़ाते हुए छिजारसी-चोटपुर कॉलोनी में प्रकाश हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया। शिविर में स्थानीय नागरिकों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। साथ ही 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान भारत कार्ड भी बनाए गए। विधायक ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना ने करोड़ों जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक और निःशुल्क इलाज की सुविधा प्रदान की है। उन्होंने इस जनसेवा अभियान के लिए प्रकाश हॉस्पिटल के चेयरमैन बी.एस. चौहान और उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए विधायक पंकज सिंह ने सेक्टर-32 स्थित ग्रीन बेल्ट में आयोजित ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ के तहत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में पौधारोपण किया। इस अवसर पर गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, भाजपा नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विधायक पंकज सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने 35 करोड़ वृक्षारोपण का ऐतिहासिक लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि “वृक्ष धरा का भूषण हैं, करते दूर प्रदूषण हैं।” उन्होंने सभी से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़कर प्रकृति संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया।
दिनभर के कार्यक्रमों के दौरान विधायक पंकज सिंह ने सेक्टर-19, सेक्टर-20 और सेक्टर-40 में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों में भी भाग लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार विकास, सुशासन, जनसेवा और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है तथा जनता की प्रत्येक समस्या का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

