Power cuts in housing societies: ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट की तीन प्रमुख सोसायटियों—पंचशील ग्रीन्स-1, अजनारा होम्स और राधा स्काई गार्डन—में तड़के हुई बारिश के बाद बिजली आपूर्ति लगभग 13 घंटे तक पूरी तरह ठप रही। इससे 6000 से अधिक परिवार उमस भरी गर्मी में बेहाल हो गए। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत का सामना करना पड़ा।
निवासियों के अनुसार सुबह करीब चार बजे बिजली चली गई। शिकायत के बावजूद बिल्डर प्रबंधन और एनपीसीएल एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते रहे। देर शाम तक बिजली बहाल नहीं हो सकी। इस दौरान डीजी सेट से सीमित बिजली दी गई, जिससे सिर्फ पंखे चल सके, जबकि एसी बंद रहे। राधा स्काई गार्डन के निवासियों का कहना है कि बारिश के दौरान इलेक्ट्रिकल पैनल में नमी आने से फ्यूज खराब हो गए। पंचशील ग्रीन्स-1 और अजनारा होम्स में आंतरिक तकनीकी खामी और समन्वय की कमी से समस्या बनी रही। कई फ्लैटों तक डीजी कनेक्शन या तकनीकी खराबी के कारण बिजली पहुंच ही नहीं सकी।
नोएडा सेक्टर-79 में भी समस्या वहीं नोएडा के सेक्टर-79 स्थित हिल्सटन अर्बटेक सोसायटी में मुख्य डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर से लगातार तेल रिसाव के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है। 25 जुलाई से नियमित बिजली ठप होने से 1000 से अधिक निवासी परेशान हैं। रिसाव का तेल पिट और एचटी केबल ट्रेंच तक पहुंच गया है, जिससे आग लगने का खतरा बना हुआ है। निवासियों ने जिलाधिकारी और स्थानीय विधायक पंकज सिंह को ज्ञापन सौंपा है। उमस भरी गर्मी में बिजली न होने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। निवासी प्रशासन और बिल्डर से तुरंत समाधान की मांग कर रहे हैं।

