नोएडा। शहर में अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों ने आत्महत्या कर ली। वहीं सर्फाबाद में जान देने वाली छात्रा के परिजन ने उसके प्रेमी पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। घटना के पांच महीने बाद इस मामले में केस दर्ज हुआ है। पुलिस तीनों मामलों की जांच कर रही है।
वाजितपुर में 19 साल की युवती की मौत
सेक्टर-63 थाना क्षेत्र के वाजितपुर गांव में सोमवार शाम ओडिशा की रहने वाली 19 वर्षीय मनोरमा ने आत्महत्या कर ली। वह कुछ महीने पहले ही नोएडा आई थी और भाई-भाभी के साथ किराए के मकान में रहती थी। मनोरमा सिलाई का काम करती थी। सोमवार शाम भाई-भाभी घर लौटे तो कमरे में उसका शव मिला। सूचना पर पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंची और जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजन भी आत्महत्या की कोई ठोस वजह नहीं बता सके। पुलिस ने मनोरमा का मोबाइल कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
गेझा गांव में आर्थिक तंगी से परेशान सब्जी विक्रेता ने दी जान
फेज-2 थाना क्षेत्र के गेझा गांव में मंगलवार शाम 38 वर्षीय गरीबनाथ साहू ने आत्महत्या कर ली। मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले गरीबनाथ गली नंबर-5 में किराए पर रहते थे। वह मंडी से सब्जियां लाकर गांव में बेचते थे। परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय पत्नी और बच्चे मेला देखने गए थे। घर लौटने पर बच्चों ने पिता को कमरे में बेसुध हालत में देखा। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजन ने पुलिस को बताया कि गरीबनाथ कुछ समय से आर्थिक तंगी के कारण मानसिक तनाव में थे। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया।
सर्फाबाद की छात्रा के मामले में प्रेमी पर केस
सर्फाबाद में जान देने वाली कानपुर देहात की निवासी नैना के परिजन की शिकायत पर सेक्टर-113 थाने में उसके प्रेमी सौरभ के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। घटना के पांच महीने बाद मुकदमा दर्ज हुआ। नैना फॉरेंसिक साइंस में बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा थी और नोएडा में अपने मौसेरे भाई के साथ रहती थी। परिजन का आरोप है कि सौरभ ने खुद को एक राजनीतिक पार्टी का नेता बताकर नैना को अपने जाल में फंसाया और शादी का झूठा वादा किया। आरोप है कि वह उसे प्रताड़ित भी करता था। परिजन के अनुसार, नैना ने नवंबर 2025 में मैसेज के जरिए उत्पीड़न की जानकारी दी थी। उनका आरोप है कि सौरभ की धमकी और उत्पीड़न से परेशान होकर नैना ने 14 मई को आत्महत्या कर ली। पिता ने पुलिस को साक्ष्य सौंपकर शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि परिजन की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: सोसायटी में लिफ्ट गिरने से डिलीवरी बॉय घायल, पैर में तीन फ्रैक्चर

