Ghaziabad: गाजियाबाद के मुरादनगर इलाके में एक वैवाहिक विवाद ने उस वक्त सनसनीखेज मोड़ ले लिया, जब एक युवक ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी और उसके प्रेमी ने कार से टक्कर मारकर उसे जान से मारने की कोशिश की। घटना के बाद युवक सीधे थाने पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के आमने-सामने आते ही माहौल गरमा गया और देर तक तीखी बहस व हंगामा चलता रहा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दो साल से चल रहा है दंपती के बीच विवाद
पीड़ित युवक मुरादनगर क्षेत्र की एक कॉलोनी का निवासी है। उसके मुताबिक, पिछले करीब दो वर्षों से पत्नी के साथ उसका पारिवारिक विवाद चल रहा है और दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। महिला फिलहाल अपने मायके में रह रही है।
बाइक में पीछे से मारी टक्कर, गिरकर हुआ घायल
मंगलवार दोपहर युवक बाइक से गाजियाबाद की ओर जा रहा था। आरोप है कि उखलारसी बंबे के पास पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क किनारे गिरकर घायल हो गया। हादसे में उसके हाथ में चोट आई है।
कार में प्रेमी के साथ सवार थी पत्नी: आरोप
युवक का दावा है कि टक्कर मारने वाली कार में उसकी पत्नी अपने कथित प्रेमी और कुछ अन्य लोगों के साथ सवार थी। आरोप है कि जब उसने हादसे का विरोध किया, तो कार में सवार लोग बाहर निकल आए और उसके साथ मारपीट करने लगे। इसके बाद सभी लोग मौके से फरार हो गए।
थाने में दोनों पक्ष आमने-सामने, गरमाया माहौल
घायल अवस्था में युवक सीधे थाने पहुंचा और पत्नी व उसके कथित प्रेमी के खिलाफ तहरीर देते हुए जानलेवा हमले का आरोप लगाया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने दूसरे पक्ष को भी थाने बुला लिया। दोनों पक्ष आमने-सामने आए तो थाने में माहौल गरम हो गया और लंबे समय तक कहासुनी व हंगामे की स्थिति बनी रही।
पुलिस बोली- निष्पक्ष जांच जारी
पुलिस के अनुसार, यह मामला पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच के बाद सामने आने वाली सच्चाई के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

