नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई ग्रामीण इलाकों के लोगों ने बुधवार को लंबित बुनियादी आवश्यकताओं को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का घेराव करते हुए अपनी मांगों का ज्ञापन प्राधिकरण के ओएसडी राम नारायण सिंह को सौंपा। जुनेदपुर, रोशनपुर, झालडा, डाढा, बुलंदखेड़ा समेत आसपास के गांवों के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करप्शन फ्री इंडिया संगठन के प्रदेश महासचिव मास्टर दिनेश नागर ने किया। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने क्षेत्रीय विकास कार्यों में देरी पर गहरी नाराज़गी जताई।
प्रतिनिधि मंडल ने ज्ञापन में रात में बंद और खराब पड़े स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कर चालू कराने की सख्त मांग रखी। ग्रामीणों ने कहा कि अंधकार के कारण सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं और विशेषकर प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और जुनेदपुर स्थित हीस बाबा मंदिर परिसर में हाईमास्ट लाइटें लगाने की मांग की गई है ताकि क्षेत्र में प्रभावी प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। जुनेदपुर स्थित शहीद गुर्जर दरियाव सिंह नागर चौक के सौंदर्यीकरण की भी जोरदार मांग की गई। साथ ही गांवों के भीतर और संपर्क मार्गों का निर्माण, जर्जर सड़कों की मरम्मत, नालियों का निर्माण एवं नियमित सफाई, बार-बार होने वाली जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान और अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की भी मांग ज्ञापन में शामिल थी। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार संबंधित विभागों और अधिकारियों के समक्ष समस्याएं रखी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक उनका ठोस और स्थायी समाधान नहीं निकला है। खासकर बरसात के मौसम में जलभराव और टूटी-फूटी सड़कों की समस्या और गंभीर हो जाती है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है और लोगों की रोजमर्रा की जिन्दगी प्रभावित हो रही है।
करप्शन फ्री इंडिया के मास्टर दिनेश नागर ने कहा, “हम लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं के लिए लड़ रहे हैं। जनता की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए लाइटिंग, नालियों और सड़कों का शीघ्र सुधार जरूरी है। हमें आशा है कि प्राधिकरण हमारी मांगों पर तुरंत कार्रवाई करेगा।” प्राधिकरण के ओएसडी राम नारायण सिंह ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि प्रस्तुत की गई सभी मांगों की संबंधित विभागों से जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान तत्काल संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने लंबित मामलों की सूची बनाकर विभागीय समीक्षा का आश्वासन दिया।
मौके पर उपस्थित अन्य ग्रामीण प्रतिनिधियों में कुलबीर भाटी, राकेश नागर, रिंकू बैंसला, गौरव भाटी, मोहित प्रधान, इंद्रजीत भगत, संदीप नागर, शेखर, दर्शन नागर, जितेंद्र भाटी, सुशील नागर, अमनेश नागर, श्रवण नागर, राहुल नागर, केशव भगत, लीलू प्रधान, कमल नागर, नवाब सिंह, ऋषि, ऋतिक, देवेंद्र प्रधान, मन्नड, गौरव नागर, रमेश नागर, मोहित नागर, सुरेंद्र नागर, रिंकू, दीपक नागर, अरुण, आशु पंडित और मोंटी नागर प्रमुख थे। स्थानीय ग्रामीण बताते हैं कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे आगे भी आंदोलन और न्यायिक व प्रशासनिक मार्गों का सहारा लेने के लिए बाध्य होंगे। प्राधिकरण से अपेक्षा की जा रही है कि जल्द ही निरीक्षण और पार्टीवार बैठकों के बाद कामों की शुरुआत कर दी जाए ताकि आने वाली बारिश से पहले आवश्यक मरम्मत एवं निवारक कार्य पूरे किए जा सकें।
यह भी पढ़ें: PDA की आड़ में दलित-विरोध?, नोएडा में सपा का ‘उलटबांसी’ वाला बुधवार

