New Delhi news दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने बहुस्तरीय विपणन (एमएलएम) शैली की करोड़ों रुपये की निवेश ठगी के मामले में मुख्य आरोपी अंकुर ज्योति सैकिया को रोहतक से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर निवेशकों को ऊंचे मासिक रिटर्न और फर्जी व्यावसायिक परियोजनाओं का झांसा देकर करीब 66.35 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है।
ईओडब्ल्यू को विभिन्न राज्यों के 25 पीड़ितों की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने राजमुद्रा फ्यूचर निधि लिमिटेड के नाम पर निवेश योजना चलाते हुए लोगों को अधिक मुनाफे का लालच दिया। साथ ही नए सदस्यों को जोड़ने पर कमीशन का भी वादा किया गया। ठगी का शिकार हुए अधिकांश लोग ग्रेटर नोएडा, पश्चिम बंगाल और राजस्थान के दैनिक मजदूर वर्ग से जुड़े थे।
पुलिस जांच में पता चला कि निवेशकों से प्राप्त रकम आरोपी के निजी बैंक खाते में जमा कराई गई। इसके बाद धनराशि का बड़ा हिस्सा नकद निकाला गया और शेयर बाजार में फ्यूचर एंड आॅप्शन ट्रेडिंग सहित अन्य माध्यमों में लगाया गया। आरोपी लोगों से व्यक्तिगत संबंध बनाकर उनका विश्वास जीतता था और फिर उन्हें तथा उनके परिचितों को निवेश के लिए प्रेरित करता था।
पुलिस जांच के दौरान नवी मुंबई स्थित कंपनी के पते पर पहुंची तो पता चला कि कंपनी का संचालन आरोपी के सहयोगी बंसी मोरे उर्फ बी.एम. पाटिल कर रहे थे। पुलिस के अनुसार आरोपी की कथित ठगी गतिविधियों के कारण बंसी मोरे भारी कर्ज में डूब गए थे और बाद में उन्होंने आत्महत्या कर ली। इसके बाद आरोपी फरार हो गया था।
लगातार जांच और गिरफ्तारी से बचने के कारण अदालत ने 24 मार्च 2026 को अंकुर ज्योति सैकिया को भगोड़ा अपराधी (प्रोक्लेम्ड आॅफेंडर) घोषित कर दिया था। इसके बावजूद ईओडब्ल्यू की टीम तकनीकी निगरानी, स्थानीय खुफिया जानकारी और लगातार फील्ड आॅपरेशन के जरिए उसकी तलाश में जुटी रही।
ढाबे में शेफ के रूप में काम रहा था आरोपी
अंतत: पुलिस टीम ने आरोपी को हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय वह एक ढाबे में शेफ के रूप में काम कर रहा था। आरोपी को अदालत में पेश कर दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
मूल रूप से असम के जोरहाट का निवासी है अंकुर ज्योति सैकिया
पुलिस के अनुसार 32 वर्षीय अंकुर ज्योति सैकिया मूल रूप से असम के जोरहाट का निवासी है और राजमुद्रा फ्यूचर निधि लिमिटेड में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। जांच एजेंसियां अब उसके आपराधिक इतिहास और इस निवेश घोटाले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही हैं।
New Delhi news

