New Delhi news दिल्ली पुलिस की मेट्रो इकाई ने दिल्ली मेट्रो में यात्रियों को नकली नोटों की गड्डी का लालच देकर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ठगी गई रकम में से 15 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी कुख्यात गड्डीबाज गिरोह से जुड़ा हुआ है, जो मेट्रो यात्रियों को निशाना बनाता है।
मामला 12 मई 2026 का है, जब उत्तर प्रदेश के शामली निवासी सचिन माथन ने थाना शास्त्री पार्क मेट्रो में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि दो अज्ञात व्यक्तियों ने धोखे से उनसे 80,920 रुपये उनके बैंक खाते से ट्रांसफर करा लिए।
जांच में सामने आया कि आरोपी मेट्रो स्टेशनों पर भोले-भाले यात्रियों को निशाना बनाते थे। वे पहले दिशा-निर्देश या किसी सहायता के बहाने बातचीत शुरू करते और फिर नकली नोटों की गड्डियां दिखाते थे। इन गड्डियों के ऊपर और नीचे असली नोट लगाए जाते थे, जबकि बीच में अखबार या सादे कागज के टुकड़े भरे होते थे। लालच में फंसाकर पीड़ितों से उनके बैंक खातों से पैसे ट्रांसफर करा लिए जाते थे।
मामला दर्ज होने के बाद एटीएस/मेट्रो की विशेष टीम ने धौला कुआं और झिलमिल मेट्रो स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया तथा तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपियों की पहचान का प्रयास शुरू किया। जांच के दौरान मिली खुफिया सूचना के आधार पर 2 जून को जेजे कॉलोनी, बवाना में छापा मारकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान साबिर पुत्र अब्दुल सलाम, निवासी ई-ब्लॉक, जेजे कॉलोनी, बवाना, दिल्ली के रूप में हुई है। उसके कब्जे से ठगी गई रकम में से 15 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी और बरामद नकदी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाना शास्त्री पार्क मेट्रो के हवाले कर दिया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश और शेष रकम की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
दिल्ली पुलिस मेट्रो इकाई ने यात्रियों से अपील की है कि वे मेट्रो परिसर में अजनबियों द्वारा दिए जाने वाले किसी भी लालच या प्रस्ताव से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
New Delhi news

