नोएडा-ग्रेटर नोएडा की 26 सोसायटियों को नोटिस, लिफ्ट में कैमरे-अलार्म खराब, ऑपरेटर नदारद

नोएडा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा की 26 सोसायटियों, मॉल और अन्य परिसरों में लिफ्ट के सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई है। विद्युत सुरक्षा विभाग ने जांच के बाद सभी परिसरों को नोटिस जारी कर कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं। कहीं लिफ्ट ऑपरेटर और गार्ड नहीं मिले, तो कहीं कैमरे, इंटरकॉम और अलार्म सिस्टम बंद पाए गए। कई जगह मोटर और रोप के रखरखाव में भी लापरवाही मिली। सहायक निदेशक, विद्युत सुरक्षा विभाग रमेश कुमार ने बताया कि शिकायतों के आधार पर सोसायटियों और अन्य परिसरों की जांच कराई गई थी। जांच में हर जगह किसी न किसी तरह की खामी मिली। विस्तृत रिपोर्ट प्राधिकरण और प्रशासन को भेज दी गई है।

बिजली जाने पर लिफ्ट में फंसने का खतरा

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में लिफ्ट में फंसने की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं। कई मामलों में बिजली सप्लाई बाधित होना इसकी वजह बताया जाता है। विभाग के अनुसार, बिजली जाने की स्थिति में लिफ्ट को नजदीकी फ्लोर तक लाने के लिए ऑटोमेटिक रेस्क्यू डिवाइस (ARD) होना जरूरी है, ताकि फंसे लोग सुरक्षित बाहर निकल सकें। लेकिन जांच में कई परिसरों में लिफ्ट के लिए अलग बिजली बैकअप नहीं मिला। कुछ जगह बिजली जाने पर जनरेटर को हाथ से चालू करना पड़ता है, जिससे लिफ्ट दोबारा शुरू होने में देर हो सकती है।

मोटर और रोप के रखरखाव में कमी

जांच में कुछ जगह मोटर और रोप का नियमित रखरखाव नहीं होना पाया गया। इससे उपकरणों में घिसावट और खराबी का खतरा बढ़ जाता है। कुछ सोसायटियों में कॉमन एरिया और लिफ्टों के लिए एक ही डीजी सेट लगा मिला। इसके अलावा कई जगह लिफ्ट के अंदर कैमरे, इंटरकॉम और अलार्म बटन की व्यवस्था अधूरी या खराब मिली। आपात स्थिति में मदद के लिए प्रशिक्षित कर्मचारी भी तैनात नहीं थे।

एम्स ग्रीन एवेन्यू में 20 में से सिर्फ 6 लिफ्ट चालू

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एम्स ग्रीन एवेन्यू सोसायटी के 10 टावरों में कुल 20 लिफ्ट लगी हैं। जांच के दौरान इनमें से केवल 6 लिफ्ट ही चलती मिलीं। बेसमेंट में पानी भरा होने से भी लिफ्टों के संचालन पर असर पड़ने की बात सामने आई। कुछ जगह मोटर और रोप पर पर्याप्त तेल भी नहीं मिला।

इन परिसरों को जारी हुए नोटिस

विभाग ने जिन परिसरों को नोटिस भेजे हैं, उनमें शामिल हैं:

  • शिवालिक होम्स
  • महागुन मायवुड्स
  • एम्स ग्रीन एवेन्यू
  • मिगसन अल्टिमो
  • एमएसएक्स मॉल
  • वृंदा सिटी
  • पार्श्वनाथ विभव प्लाजा
  • अरिहंत अंबर
  • एलिगेंट एपेक्स फ्लोरा

यह भी पढ़ें: लखनऊ तिहरा हत्याकांड: पुलिस कमिश्नर का एक्शन, सादातगंज SHO और कश्मीरी मोहल्ला चौकी इंचार्ज निलंबित

यहां से शेयर करें