लखनऊ। राजधानी लखनऊ में पार्किंग को लेकर हुए विवाद में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने मंगलवार को सादातगंज थाने के SHO और कश्मीरी मोहल्ला पुलिस चौकी के प्रभारी को कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया।
परिजनों और स्थानीय लोगों के विरोध के बाद हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई वारदात के अगले दिन पीड़ित परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों के प्रदर्शन के बाद हुई। परिजनों और मोहल्ले के लोगों का आरोप था कि पड़ोसियों के खिलाफ बार-बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि समय रहते कदम उठाए जाते तो यह घटना टल सकती थी।
SHO संतोष कुमार आर्य और SI अजय चौरसिया निलंबित
पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने निलंबन की पुष्टि करते हुए बताया कि सादातगंज थाने के SHO संतोष कुमार आर्य और कश्मीरी मोहल्ला पुलिस चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक (SI) अजय चौरसिया को निलंबित किया गया है। दोनों के खिलाफ आरोपों की जांच के लिए विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
इलाके में आक्रोश
दिनदहाड़े एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से इलाके में दहशत और गुस्सा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और मामले में निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले में अन्य जानकारी आने पर खबर अपडेट की जाएगी।

