New Delhi news दिल्ली पुलिस की पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर) इकाई को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से 32 नई पीसीआर मोबाइल पेट्रोलिंग वाहन (एमपीवी) शामिल किए गए हैं। इन वाहनों को बुधवार को पुलिस मुख्यालय, जय सिंह रोड से विशेष पुलिस आयुक्त (आॅपरेशंस) डेविड लालरिनसांगा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
दिल्ली पुलिस की पीसीआर इकाई संकट या आपात स्थिति में नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। नई गाड़ियों के शामिल होने से पुलिस की गतिशीलता बढ़ेगी, क्षेत्रीय कवरेज का विस्तार होगा तथा पीसीआर की दृश्यता और प्रतिक्रिया क्षमता में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
इन 32 नई पीसीआर एमपीवी को दक्षिण, दक्षिण-पश्चिम, पश्चिम, रोहिणी, आउटर, आउटर नॉर्थ, उत्तर, उत्तर-पूर्व, शाहदरा, पूर्वी, दक्षिण-पूर्वी और मध्य दिल्ली जिलों में तैनात किया गया है। विशेष रूप से उन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है, जहां पीसीआर कॉल की संख्या अधिक रहती है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार नई गाड़ियों के शामिल होने से आपातकालीन कॉल पर प्रतिक्रिया समय कम होगा और पीसीआर इकाई की कार्यक्षमता में और वृद्धि होगी। इससे नागरिकों को अधिक तेज, प्रभावी और भरोसेमंद पुलिस सहायता मिल सकेगी।
32 नई गाड़ियों के शामिल होने के बाद दिल्ली पुलिस के पीसीआर बेड़े में मोबाइल पेट्रोलिंग वाहनों की कुल संख्या 857 से बढ़कर 889 हो गई है। यह पहल दिल्ली पुलिस की आधुनिकीकरण, परिचालन दक्षता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।

New Delhi news

