Noida bike snatchers: बेखौफ बदमाशों ने महिला पत्रकार से मोबाइल छीनने की कोशिश की, बिना नंबर प्लेट की बाइक से आए थे आरोपी

Noida bike snatchers: नोएडा, मंगलवार सुबह नोएडा में एक महिला पत्रकार के साथ फोन लूटने की कोशिश की घटना सामने आई है। बाइक पर सवार दो बदमाशों ने ऑटो में जा रही पत्रकार का पीछा किया और उनका मोबाइल छीनने की कोशिश की। बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। पत्रकार रिचा त्रिपाठी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वे गौर सिटी से फिल्म सिटी जा रही थीं। ऑटो में सवार होने के दौरान गौर चौक से बाबा बालकनाथ मंदिर के सामने वाली सड़क तक दो युवकों ने बाइक पर उनका पीछा किया।

रिचा ने लिखा, “आज गौर सिटी से फिल्म सिटी जाते समय बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार दो लोगों ने मेरे ऑटो का गौर चौक से बाबा बालकनाथ मंदिर के सामने वाली सड़क तक पीछा किया। उन्होंने मेरा फोन छीनने की कोशिश की। संबंधित अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग है।” उन्होंने नोएडा पुलिस, डीएम गौतमबुद्ध नगर और नोएडा ट्रैफिक को टैग करते हुए कार्रवाई की अपील की। बाद में उन्होंने एक और पोस्ट में बताया कि यह घटना सुबह करीब 10: 43 बजे हुई, जो बेहद चिंताजनक है।

घटना की सूचना मिलते ही नोएडा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। बिना नंबर प्लेट वाली बाइक का इस्तेमाल ऐसे अपराधों में आम होता जा रहा है, जिससे पुलिस को जांच में मुश्किलें आती हैं। गौरतलब है कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा इलाके में बाइक सवार बदमाशों द्वारा महिलाओं के फोन छीनने और छेड़छाड़ की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रही हैं। पुलिस प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करने का दावा करता रहा है। पत्रकार ने अधिकारियों से तुरंत कार्रवाई की मांग की है ताकि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके और ऐसे अपराधों पर अंकुश लगे।

यह भी पढ़ें: Noida floodplain power dispute: नोएडा डूब क्षेत्र में क्यों कटे बिजली कनेक्शन? विधायक पंकज सिंह के दफ्तर का हजारों ने किया घेराव

यहां से शेयर करें