Noida floodplain power dispute: नोएडा डूब क्षेत्र में क्यों कटे बिजली कनेक्शन? विधायक पंकज सिंह के दफ्तर का हजारों ने किया घेराव

Noida floodplain power dispute: नोएडा, शहर के डूब क्षेत्र में रहने वाले हजारों परिवारों ने मंगलवार को विधायक पंकज सिंह के कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। पिछले चार दिनों से बिजली विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान में सैकड़ों बिजली कनेक्शन काट दिए गए हैं, जिससे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो गई है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि छिजारसी, चोटपुर और बेहलोलपुर इलाकों में सड़कों पर लगे कनेक्शन काट दिए गए हैं। बिजली न आने की वजह से बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं और घरेलू कामकाज ठप पड़ गया है।

स्थानीय निवासियों का कहना है, “हमने रजिस्ट्री कराई है और कई सालों से यहां रह रहे हैं। अब अचानक बिजली काटने की क्या जरूरत है? हमें अन्य लोगों की तरह 24 घंटे बिजली मिलनी चाहिए और पक्का मीटर दिया जाए।” बिजली विभाग डूब क्षेत्र में अवैध कनेक्शनों के खिलाफ अभियान चला रहा है। हाल के दिनों में इस इलाके में हजारों अवैध कनेक्शन काटे जाने की खबरें आई हैं। निवासी दावा कर रहे हैं कि कई वैध कनेक्शन वाले घरों की भी बिजली प्रभावित हुई है।

विधायक पंकज सिंह ने इससे पहले मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि वैध कनेक्शन वालों की बिजली न काटी जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय और वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर वैध उपभोक्ताओं को राहत देने और अवैध नेटवर्क पर सख्ती जारी रखने का आश्वासन भी लिया था। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि डूब क्षेत्र में रह रहे परिवारों को स्थायी बिजली कनेक्शन और मीटर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उनकी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित हो सकें। स्थिति पर आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर नजर बनी हुई है।

यह भी पढ़ें: Subhash Chandra suffers setback: NCLT ने 6.25 करोड़ के सेटलमेंट ऑर्डर पर लगाई रोक, संपत्ति बेचने पर भी पाबंदी

यहां से शेयर करें