करोड़ों की लागत से बनी सड़क एक महीने में उखड़ी, गुणवत्ता पर उठे सवाल

बुलंदशहर। हामिदपुर से बुलंदशहर को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-334DD) पर करोड़ों रुपये की लागत से कराया गया सड़क निर्माण शुरू होते ही सवालों के घेरे में आ गया है। निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही सड़क कई स्थानों पर टूटकर बिखर गई, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए संबंधित विभाग से शिकायत की है।

जानकारी के अनुसार हामिदपुर-बुलंदशहर मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में था। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे थे। स्थानीय लोगों की लगातार मांग के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, लोक निर्माण विभाग (PWD) ने सड़क के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू कराया। परियोजना के तहत सड़क निर्माण के साथ दोनों ओर जल निकासी के लिए नालियां तथा कुछ हिस्सों में सड़क किनारे इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का भी प्रावधान किया गया था।

बताया जा रहा है कि नालियों और इंटरलॉकिंग टाइल्स का कार्य अभी पूरा भी नहीं हुआ था कि नई सड़क भारी वाहनों का दबाव नहीं झेल सकी और कई स्थानों पर उखड़ गई। शिकायत मिलने के बाद विभाग ने दो बार सड़क की मरम्मत कराई, लेकिन इसके बावजूद सड़क फिर से क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क का इतनी जल्दी टूट जाना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने सड़क निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, मामले को लेकर अब स्थानीय लोगों की निगाहें लोक निर्माण विभाग पर टिकी हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य की तकनीकी जांच नहीं कराई गई तो सरकारी धन की बर्बादी के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहेगा। विभाग की ओर से फिलहाल मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

यह भी पढ़ें: रोहिल्लापुर के किसानों का नोएडा प्राधिकरण पर बड़ा आरोप, 5% आवासीय भूखंड योजना का किया विरोध, उच्चस्तरीय जांच की मांग

यहां से शेयर करें