शामली। हरियाणवी सिंगर एवं अभिनेता अंकित बालियान हत्याकांड की पुलिस जांच में सनसनीखेज तथ्य सामने आए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अंकित की हत्या अचानक हुए विवाद का नतीजा नहीं थी, बल्कि हमलावरों ने पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को जांच के दौरान पता चला है कि यूपी और हरियाणा से जुड़े हमलावर वारदात से करीब दो दिन पहले से अंकित की रेकी कर रहे थे।
पुलिस जांच के मुताबिक बदमाशों को अंकित की दिनचर्या की पूरी जानकारी थी। उन्हें पता था कि अंकित किस समय घर से निकलता है, जिम कब पहुंचता है और वर्कआउट के बाद किस समय बाहर आता है। इसी जानकारी के आधार पर हमलावरों ने हत्या के लिए जिम के बाहर का स्थान चुना।
बुधवार को भी हमलावरों ने रखी थी नजर
जांच में यह भी सामने आया है कि बुधवार को बदमाश लगातार अंकित की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। घर से जिम जाने के दौरान भी उसकी निगरानी की गई। इसके बाद जिम के बाहर भी हमलावर उसके निकलने का इंतजार करते रहे। जैसे ही अंकित जिम से बाहर आया, बदमाशों ने उसे निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
जिम के बाहर ही बना लिया था हत्या का प्लान
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमलावरों ने अंकित की गतिविधियों की जानकारी जुटाने के बाद वारदात की जगह और समय तय किया था। जिम के बाहर उसे घेरकर गोली मारने की योजना बनाई गई थी। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब वारदात से पहले और बाद की गतिविधियों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जिम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही संदिग्धों की लोकेशन, कॉल डिटेल और आपसी संपर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश किसने रची और हमलावरों को अंकित की दिनचर्या की जानकारी किस माध्यम से मिली।
पहले से तय थी हत्या?
पुलिस की प्रारंभिक जांच में जिस तरह दो दिन पहले से रेकी किए जाने की बात सामने आई है, उससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि अंकित बालियान की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई। अब जांच एजेंसियों का फोकस साजिश के पीछे मौजूद लोगों, शूटरों और उन्हें जानकारी उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क पर है। पुलिस जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा करने का दावा कर रही है।

