नोएडा में प्राधिकरण की जमीन पर अवैध निर्माण का आरोप, सेक्टर-126 थाने में FIR दर्ज

नोएडा। नोएडा प्राधिकरण की अर्जित और कब्जा प्राप्त जमीन पर कथित अवैध निर्माण के मामले में सेक्टर-126 थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल-9 में तैनात अवर अभियंता सूरज त्यागी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सदरपुर में प्राधिकरण की जमीन पर निर्माण का आरोप

पुलिस को दी शिकायत में अवर अभियंता ने बताया कि सदरपुर क्षेत्र की संबंधित जमीन नोएडा प्राधिकरण की अर्जित एवं कब्जा प्राप्त भूमि है। आरोप है कि इस जमीन पर सुभाष चौहान की ओर से भवन के रूप में कथित अवैध निर्माण कराया जा रहा था।

मामले की जानकारी मिलने के बाद राजस्व विभाग और नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल-9 के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य को रुकवाया। आरोप है कि कार्रवाई के बावजूद अवैध गतिविधियां पूरी तरह बंद नहीं हुईं और निर्माण से संबंधित गतिविधियां जारी रहीं।

सुनियोजित विकास प्रभावित होने का आरोप

अवर अभियंता की शिकायत में कहा गया है कि प्राधिकरण की अर्जित और कब्जा प्राप्त भूमि पर इस तरह का कथित अवैध निर्माण नोएडा के सुनियोजित विकास को प्रभावित करता है। प्राधिकरण की ओर से जमीन के नियोजित इस्तेमाल और निर्माण गतिविधियों पर निगरानी रखी जाती है।

पुलिस ने शुरू की जांच

शिकायत के आधार पर सेक्टर-126 थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब मौके का निरीक्षण करने के साथ निर्माण से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या में बड़ा खुलासा: दो दिन पहले से हो रही थी रेकी, जिम के बाहर घेरकर बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

यहां से शेयर करें