ग्रेटर नोएडा में ड्रग तस्करी का बड़ा सेंध, नाइजीरियन नागरिक समेत तीन गिरफ्तार, 143 ग्राम एमडीएमए बरामद

ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 और एसओजी (स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप) की संयुक्त टीम ने ड्रग्स तस्करी के एक रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए एक विदेशी नागरिक सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 143 ग्राम एमडीएमए (MDMA) बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 14 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक स्कूटी और 17,500 रुपये नकद भी जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर टीम ने एक सोसाइटी के पास तीन संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की। चेकिंग के दौरान उनके पास से NDPS एक्ट के तहत प्रतिबंधित ड्रग एमडीएमए (जिसे आम भाषा में ‘मौली’ भी कहा जाता है) बरामद हुई। इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी नाइजीरियन नागरिक चाड दुबे उर्फ स्टेनले शामिल है, जो पहले भी दिल्ली पुलिस द्वारा NDPS मामले में जेल जा चुका है।

डीसीपी रवि शंकर निम का बयान:
“दिनांक 03-07-2026 को एसओजी टीम और थाना बीटा पुलिस की सक्रियता के कारण मुखबिर से सूचना मिलने पर एक सोसाइटी के पास तीन संदिग्ध व्यक्ति को चेकिंग करते हुए पकड़ा गया। इनके कब्जे से एनडीपीएस का रेस्ट्रिक्टेड ड्रग एमडीएमए बरामद हुई है। 143 ग्राम ड्रग की अंतरराष्ट्रीय बाजार में काफी कीमत है। एक नाइजीरियन विदेशी नागरिक स्टेनले पकड़ा गया है। स्टेनले पहले भी दिल्ली पुलिस में एनडीपीएस के तहत जेल जा चुका है।” डीसीपी ने आगे बताया कि यह गिरोह दिल्ली से ड्रग्स लाकर ग्रेटर नोएडा, नोएडा और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सप्लाई करता था। स्टेनले की मुख्य भूमिका थी। वह दिल्ली में वीजा पर रहता था और स्थानीय संपर्कों के जरिए ड्रग्स की बिक्री करता था। इस मामले में थाना बीटा-2 में मुकदमा संख्या 234/26 दर्ज किया गया है, जिसमें NDPS एक्ट की धाराएं 8, 21, 27, 37 तथा विदेशी अधिनियम की धारा 14 शामिल हैं। तीनों अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया है और आगे की तफ्तीश जारी है। यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आई तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस जांच का फोकस:
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि स्टेनले और उसके साथी दिल्ली में किस आधार पर वीजा लेकर रह रहे थे और ड्रग्स की सप्लाई चेन क्या है। स्टेनले का पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड ड्रग तस्करी से जुड़ा होने के कारण यह गिरोह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय माना जा रहा है। ग्रेटर नोएडा पुलिस कमिश्नरेट ने ड्रग्स के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत इस तरह की कार्रवाइयों को तेज किया है। हाल के वर्षों में क्षेत्र में विदेशी नागरिकों द्वारा संचालित ड्रग रैकेट्स पर कई बड़ी छापेमारी हो चुकी हैं, जिसमें एमडीएमए जैसी सिंथेटिक ड्रग्स की जब्ती शामिल है। यह गिरफ्तारी युवाओं में बढ़ रही ड्रग्स की लत और तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी हो तो तुरंत सूचित करें। जांच अभी जारी है और आगे की डेवलपमेंट्स पर नजर रखी जा रही है।

यह भी पढ़ें: ऑनलाइन फ्रेंडशिप क्लब के नाम पर जाल बिछाकर लूट, नोएडा पुलिस ने 3 महिलाओं समेत 5 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, बाल अपचारी अभिरक्षा में

यहां से शेयर करें