दिल्ली में नशे पर बड़ा वार: 1.25 करोड़ की हेरोइन के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार

New Delhi news   नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत दिल्ली पुलिस के आउटर नॉर्थ जिले की एंटी नारकोटिक्स टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक महिला ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 1.25 करोड़ रुपये की 179 ग्राम उच्च गुणवत्ता की हेरोइन (स्मैक) बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार 30 अप्रैल 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने नरेला के सेक्टर-ए6 इलाके में छापा मारा। कानूनी औपचारिकताओं का पालन करते हुए की गई कार्रवाई में एक महिला आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 179 ग्राम हेरोइन/स्मैक बरामद हुई, जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया।
इस संबंध में नरेला थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21/25 के तहत मामला दर्ज कर 1 मई 2026 को आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया।
यह पूरी कार्रवाई संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय सिंह, डीसीपी हरेश्वर स्वामी और अतिरिक्त डीसीपी अमित कौशिक के मार्गदर्शन में की गई। एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड की टीम ने निरीक्षक गौरव चौधरी के नेतृत्व में इस आॅपरेशन को अंजाम दिया।
पुलिस अब इस मामले में ड्रग सप्लाई चेन और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें