Ironman Copenhagen: नोएडा के सचिन बंसल ने जीता फुल आयरनमैन खिताब

Ironman Copenhagen: नोएडा, नोएडा के सेक्टर 105 निवासी सचिन बंसल ने डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन में आयोजित विश्व की सबसे कठिन एक-दिवसीय खेल स्पर्धाओं में शुमार ‘फुल आयरनमैन’ प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक पूरा कर एक नई उपलब्धि अपने नाम की है। यह उनका लगातार दूसरा फुल आयरनमैन खिताब है, जिसने भारत और नोएडा दोनों का नाम अंतरराष्ट्रीय खेल पटल पर रोशन किया है।

क्या है फुल आयरनमैन चुनौती?

फुल आयरनमैन दुनिया की सबसे थका देने वाली एंड्योरेंस स्पर्धाओं में गिनी जाती है, जिसमें तीन चरण शामिल होते हैं:

3.8 किलोमीटर की खुले समुद्र में तैराकी

180 किलोमीटर की साइकिलिंग

42.2 किलोमीटर की पूर्ण मैराथन दौड़

बिना किसी विराम के लगातार पूरी की जाने वाली इस 226 किलोमीटर की दूरी को सचिन बंसल ने मात्र 13 घंटे 28 मिनट के प्रभावशाली समय में पूरा किया, जो उनकी असाधारण शारीरिक सहनशक्ति और मानसिक दृढ़ता का प्रमाण है।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने दी बधाई

सेक्टर 105 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय (दीपक शर्मा) ने सचिन बंसल की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि कोपेनहेगन के चुनौतीपूर्ण ट्रैक पर लगातार दूसरी बार आयरनमैन बनना कोई आसान काम नहीं है। उन्होंने कहा कि सचिन की लगन, अनुशासन और इच्छाशक्ति ने पूरे शहर का मान बढ़ाया है और यह जीत युवाओं के लिए फिटनेस व जीवन में बड़े लक्ष्य तय करने की प्रेरणा है। आरडब्ल्यूए की पूरी कार्यकारिणी और सेक्टरवासियों ने सचिन बंसल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

यह भी पढ़ें: Annapoorani Super Six Scheme: तमिलनाडु में मुफ्त एलपीजी सिलेंडर पर क्यों भिड़े BJP और CM विजय?

यहां से शेयर करें