मेट्रो स्टेशन से चोरी हुई सोने-हीरे की अंगूठी बरामद, महिला आरोपी गिरफ्तार

New Delhi news  दिल्ली मेट्रो पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी हुई सोने और हीरे की अंगूठी बरामद की है। यह कार्रवाई स्पेशल स्टाफ मेट्रो और कश्मीरी गेट मेट्रो थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस के अनुसार, चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन पर सोने और हीरे की अंगूठी चोरी होने की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शुरूआत में मामले की जांच पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण थी क्योंकि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए कई मोबाइल नंबर, गलत पते और अन्य भ्रामक तरीकों का इस्तेमाल किया था।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों के कई सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की और तकनीकी निगरानी के साथ स्थानीय स्तर पर खुफिया सूचना तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने करीब 25 वर्षीय महिला की पहचान की, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले की रहने वाली है और फिलहाल वैशाली क्षेत्र में रह रही थी।
जानकारी के आधार पर स्पेशल स्टाफ और कश्मीरी गेट मेट्रो थाना पुलिस की टीम वैशाली पहुंची। सटीक ठिकाने की जानकारी नहीं होने के बावजूद पुलिस ने करीब चार से पांच घंटे तक क्षेत्र में पूछताछ और जांच अभियान चलाया। बाद में गुप्त सूचना के आधार पर महिला के ठिकाने पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी हुई सोने और हीरे की अंगूठी भी बरामद कर ली। जांच में अब तक आरोपी के खिलाफ किसी पूर्व आपराधिक मामले की जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई ने मेट्रो नेटवर्क में यात्रियों की सुरक्षा और अपराधों के त्वरित खुलासे के प्रति दिल्ली मेट्रो पुलिस की प्रतिबद्धता को मजबूत किया है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें